गाजियाबाद सीट से जनरल वीके सिंह ही होंगे भाजपा के उम्मीदवार, खुद पीएम ने दिया दखल

बड़ी खबर : गाजियाबाद सीट से जनरल वीके सिंह ही होंगे भाजपा के उम्मीदवार, खुद पीएम ने दिया दखल

गाजियाबाद सीट से जनरल वीके सिंह ही होंगे भाजपा के उम्मीदवार, खुद पीएम ने दिया दखल

Tricity Today | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जनरल वीके सिंह

Ghaziabad News : गाजियाबाद लोकसभा सीट (Ghaziabad Lok Sabha Constituency) को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janata Party) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में गाजियाबाद सीट से प्रत्याशी की घोषणा नहीं की थी। जिसके चलते कयास लगाए जा रहे थे कि मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह (General VK Singh) का टिकट कट सकता है। इसके पीछे की वजह गाजियाबाद भारतीय जनता पार्टी में गुटबंदी बताई जा रही है। दरअसल, राज्यसभा सांसद, विधान परिषद सदस्य और सारे विधायक जनरल वीके सिंह की खिलाफत कर रहे हैं। अब भारतीय जनता पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि कोर ग्रुप की बैठक में जनरल वीके सिंह के टिकट को हरी झंडी दे दी गई है। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के दखल के बाद लिया गया है।

कल फिर तीसरी लिस्ट पर विचार करेगा कोर ग्रुप
भारतीय जनता पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली स्थित मुख्यालय में कोर ग्रुप की बैठक एक बार फिर होगी। इस बैठक के दौरान जनरल वीके सिंह टिकट को फाइनल किया जाएगा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों की तीसरी सूची पर मंथन के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की अगली बैठक शुक्रवार यानि 22 मार्च को हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट पर मुहर लगाई जाएगी। बताया जा रहा है कि चुनाव समिति की इस बैठक में बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, कर्नाटक, सिक्किम और आंध्र प्रदेश सहित कई अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।

भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि हैं जनरल
जनरल विजय कुमार सिंह सेना के बाद राजनीति में आने वाले इकलौते शीर्ष सैन्य अफसर हैं। वह भारतीय सेना में चार सितारा जनरल रहे हैं। वह अभी राज्य मंत्री हैं और नरेंद्र मोदी के दूसरे मंत्रालय में सड़क परिवहन, राजमार्ग मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय में हैं। उन्होंने पहले मोदी मंत्रालय में विदेश राज्य मंत्री, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया है। अपने सैन्य करियर के दौरान सिंह ने 2010 से 2012 तक 24वें चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में कार्य किया। अपनी जन्मतिथि को लेकर भारत सरकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने वाले पहले भारतीय सेनाध्यक्ष भी हैं।

अब तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे वीके सिंह
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद जनरल वीके सिंह 2014 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उस आम चुनाव में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए संसद सदस्य के रूप में चुने गए। वह 2019 में उसी सीट पर फिर से चुने गए। सिंह ने 'करेज एंड कन्विक्शन' नामक आत्मकथा लिखी है। अब जनरल वीके सिंह तीसरी बार गाजियाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.