गाजियाबाद श्मशान घाट हादसे में बड़ा खुलासा, अजय त्यागी ने बताया 16 लाख रुपए अफसरों-इंजीनियरों को खिलाए, सहयोगी गिरफ्तार

BIG BREAKING : गाजियाबाद श्मशान घाट हादसे में बड़ा खुलासा, अजय त्यागी ने बताया 16 लाख रुपए अफसरों-इंजीनियरों को खिलाए, सहयोगी गिरफ्तार

गाजियाबाद श्मशान घाट हादसे में बड़ा खुलासा, अजय त्यागी ने बताया 16 लाख रुपए अफसरों-इंजीनियरों को खिलाए, सहयोगी गिरफ्तार

Tricity Today | अधिशासी अधिकारी निहारिका सिंह चौहान और ठेकेदार अजय त्यागी

गाजियाबाद के मुरादनगर कस्बे में श्मशान घाट हादसे की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, भ्रष्टाचार की परतें एक-एक करके खुलने लगी हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पूछताछ के दौरान ठेकेदार अजय त्यागी ने बताया है कि उसने इस प्रोजेक्ट में काम करने के लिए 16 लाख रुपए नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी और जूनियर इंजीनियर को दिए थे। अजय त्यागी से हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके सहयोगी संजय गर्ग को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह अब इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 5 हो गई है। रविवार की रात ही पुलिस ने भ्रष्टाचार की आरोपी मुरादनगर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर लिया था। अजय त्यागी को आज सुबह ही पुलिस गिरफ्तार करके बाहर से लाई है।

अजय त्यागी ने गिरफ्तारी के बाद मीडिया के सामने कहा कि वह नगर पालिका से मिले ठेकों में 30 फ़ीसदी तक कमीशन अफसरों और इंजीनियरों को देता रहा है। रिश्वत देकर ही उसे नगरपालिका में ठेके मिलते रहे हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अजय त्यागी ने भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए बताया कि उसने नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी, सहायक अभियंता, सुपरवाइजर और दूसरे अफसरों को 16 लाख रुपए बतौर कमीशन दिए थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद अजय त्यागी के सहयोगी संजय गर्ग को भी गिरफ्तार किया है।

आपको बता दें कि  गाजियाबाद के मुरादनगर कस्बे में रविवार की सुबह हुए श्मशान घाट हादसे के लिए आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी को पुलिस हिरासत के बीच एक महिला ने जूतों से पीटा है। मुरादनगर हादसे के मुख्य आरोपी अजय त्यागी को पुलिस कस्टडी में महिला ने जूतों से पीटा है। अचानक महिला पुलिसकर्मियों के बीच पहुंच गई और उसने ठेकेदार अजय त्यागी पर जूते से हमला बोल दिया। इस अप्रत्याशित घटना से पुलिसकर्मी हड़बड़ी में आ गए। पुलिस ने आनन-फानन में अजय त्यागी से महिला को दूर हटाया। दरअसल, पुलिस अजय त्यागी को गिरफ्तारी के बाद जेल भेजने के लिए पुलिस के एमएमजी जिला अस्पताल में मेडिकल करवाने ले गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन जनवरी को मुरादाबाद श्मशान घाट गैलरी की छत गिरने के मामले फरार चल रहे इनामी ठेकेदार अजय त्यागी को कल देर रात गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस सभी चारो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर रासुका लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर कल उनकी तरफ से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है और उसके बाद आज ही उसे अदालत में पेश किया जा सकता है।

गौरतलब है कि रविवार तीन जनवरी को मुरादनगर में एक बुजुग के अंतिम संस्कार के लिए आये लोग बारिश के कारण गैलरी में खड़े हो गये और उसी दौरान उसकी छत गिर गई थी। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 घायल हो गये थे। इस मामले में पुलिस ने मुरादनगर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी निहारिका सिंह, अवर अभियंता चंद्रपाल और सुपरवाइजर आशीष और ठेकेदार अजय कुमार त्यागी के खिलाफ रविवार शाम गैर इरादतन हत्या, भ्रष्टाचार लापरवाही समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.