दूल्हे का जूते और लाठी-डंडों से हुआ भव्य स्वागत, लड़की का हाथ देने के बजाय पकड़ा दी एफआईआर

गाजियाबाद : दूल्हे का जूते और लाठी-डंडों से हुआ भव्य स्वागत, लड़की का हाथ देने के बजाय पकड़ा दी एफआईआर

दूल्हे का जूते और लाठी-डंडों से हुआ भव्य स्वागत, लड़की का हाथ देने के बजाय पकड़ा दी एफआईआर

Tricity Today | दूल्हे की पिटाई

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दूल्हे को निकाह से पहले 10 लाख रुपए मांगना भारी पड़ गया। पहले लड़की वालों ने हाथ जोड़ कर अपील की कि वह उनको अब 10 लाख रुपए दहेज के नाम पर नहीं दे सकते, लेकिन जब दूल्हा पक्ष बिना पैसे लिए निकाह करने से मना कर रहा था तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने उन्हीं हाथों से दूल्हे और दूल्हे के परिजनों की जमकर धुलाई की। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। अब दुल्हन के पक्ष वालों ने इस मामले में साहिबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।

आगरा से आई बारात
गाजियाबाद में बालाजी विहार निवासी मोहम्मद अनस ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन तय्यबा असद का निकाह आगरा में सिकंदरा निवासी मुजम्मिल हुसैन से तय किया था। 12 दिसंबर को गाजियाबाद के अर्थला स्थित वृंदावन मैरिज होम में दूल्हा बारात लेकर पहुंच गया। दावत होने के बाद दूल्हा और उसके पिता ने लड़की पक्ष से 10 लाख रुपए देने की शर्त रख दी। पूरी रकम नहीं मिलने पर लड़की से निकाह करने से साफ इनकार कर दिया।

हीरे की अंगूठी लेकर भी खुश नहीं
लड़की पक्ष के अनुसार, वह 3 लाख रुपए कैश और हीरे की अंगूठी पहले ही दे चुके थे। निकाह में कुल 8 लाख रुपए खर्च हुए। इसके अलावा वह कुछ और खर्चा करने की स्थिति में नहीं थे। बिना 10 लाख दिए निकाह से इनकार करने पर समारोह में हंगामा हो गया। लड़की पक्ष ने दूल्हे की पिटाई कर दी। दूल्हे के कुछ लोगों ने उसको बचाया और बिना निकाह उसको वहां से ले गए।

दूल्हे और उसके परिजनों पर मुकदमा दर्ज
लड़की के भाई मोहम्मद अनस ने बताया कि निकाह कैंसिल होने के बाद उन्होंने दूल्हे मुजम्मिल हुसैन के बारे में तहकीकात शुरू की। पता चला कि वह पहले भी इस तरह कई शादियां कर चुका है। हर बार ऐन वक्त पर लड़की पक्ष से दहेज में ज्यादा कैश मांगता है और इसी तरह विवाह तोड़ देता है। उसके खिलाफ इसी तरह के कई मुकदमे भी दर्ज हैं। लड़की पक्ष को मुजम्मिल हुसैन की पूर्व के शादियों के फोटोग्राफ भी मिल गए। 17 दिसंबर को मोहम्मद अनस ने मुजम्मिल हुसैन और उसके पिता महमूद हुसैन के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज एक्ट में थाना साहिबाबाद में केस दर्ज कराया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.