बजरंग दल कार्यकर्ता के घर में घुसकर 2 महिलाओं की हत्या, तीन बच्चों को चाकू से गोदा

GHAZIABAD BREAKING : बजरंग दल कार्यकर्ता के घर में घुसकर 2 महिलाओं की हत्या, तीन बच्चों को चाकू से गोदा

बजरंग दल कार्यकर्ता के घर में घुसकर 2 महिलाओं की हत्या, तीन बच्चों को चाकू से गोदा

Tricity Today | बच्चों को चाकू से गोदा

गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। शहर की गोविंदपुरम सरस्वती विहार कॉलोनी में रहने वाले बजरंग दल के कार्यकर्ता के घर में घुसकर हथियारबंद बदमाश ने दो महिलाओं की हत्या कर दी है। परिवार के तीन बच्चों को चाकू से गोद दिया है। गंभीर रूप से जख्मी तीनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है। 

यह शनिवार की रात करीब सवा आठ बजे की है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मसूरी कोतवाली की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी इस हत्याकांड के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है। आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात लूट या फिर पुरानी रंजिश की वजह से हो सकती है। गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि सरस्वती विहार में महेश नाम के व्यक्ति बजरंग दल से ताल्लुक रखते हैं। रात में करीब 8:15 बजे एक व्यक्ति महेश के घर में घुसा और पूरे परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महेश की पत्नी और एक अन्य महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। परिवार के तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें भी चाकू मारे गए हैं।

परिवार के लिए यमदूत बन गया महेश का पुराना कारपेंटर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि महेश के पुराने कारपेंटर पर शक है। वह अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा। यह वारदात सरस्वती विहार में रहने वाले बजरंग दल कार्यकर्ता महेश के घर में हुई है। बदमाश यमराज बनकर पूरे परिवार पर टूट पड़ा। चाकू से ताबड़तोड़ वार करके महज तीन मिनट में दो महिलाओं की हत्या कर दी। तीन बच्चों को बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। वारदात के वक्त महेश घर में नहीं थे। वह किसी काम से घर से बाहर गए थे।  

3 मिनट में वारदात को अंजाम दिया, प्लानिंग करके आया था हत्यारा
पुलिस ने बताया कि बदमाश पूरी प्लानिंग करके आया था। उसे महेश के घर के बारे में पूरी जानकारी थी। यही वजह रही कि महज 3 मिनट में पूरी वारदात को उसने अंजाम दे दिया। उसने घर में घुसते ही सबसे पहले महेश की पत्नी डॉली पर हमला किया। उसने चाकू से सीधा वार किया। यह बार इतना घातक था कि एक ही बार में डॉली ढेर हो गई। चाकू से हमला हुआ तो डोली की बहुत तेज आवाज में चीख निकली। महेश के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने आई युवती आशू उठकर बाहर आने लगी। हत्यारे ने उसे देखा और अगला वार आशू पर कर दिया। चाकू लगते ही आशू भी जमीन पर गिर गई। आशु काफी देर तक फर्श पर गिर कर तड़पती रही और दम तोड़ दिया। 

निर्दयी कातिल ने तीन मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा
यह पूरी घटना महेश के बच्चों ने देखी, वह सारे जोर जोर से रोने लगे। हत्यारे ने चाकू से तीनों बच्चों पर भी वार किए हैं। इससे बच्चे बुरी तरह से जख्मी होकर जमीन पर गिर गए। महज तीन मिनट में इस वारदात को अंजाम देकर हत्यारा घर से तेजी से निकल गया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के लोग महेश के घर पहुंचे। घर का नजारा देखकर लोगों के पांव तले से जमीन खिसक गई। किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया और वारदात के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने पांचों लोगों को अस्पताल पहुंचाया  डोली और आशु को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों घायल बच्चों को अस्पताल भेजा गया है।

पहली नजर में आपसी रंजिश का मामला
पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आशंका जाहिर की है कि मामला रंजिश का लग रहा है। एक व्यक्ति का नाम सामने आया है जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस लूटपाट के एंगल से भी घटना की तहकीकात कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.