पति कर रहा था दूसरी शादी, मासूम बच्चे को लेकर मंडप पहुंची पहली पत्नी, जानिए फिर क्या हुआ

गाजियाबाद : पति कर रहा था दूसरी शादी, मासूम बच्चे को लेकर मंडप पहुंची पहली पत्नी, जानिए फिर क्या हुआ

पति कर रहा था दूसरी शादी, मासूम बच्चे को लेकर मंडप पहुंची पहली पत्नी, जानिए फिर क्या हुआ

Google Image | Symbolic Photo

Ghaziabad News : टीला मोड़ थाना क्षेत्र के ग्रांड आशीर्वाद मैरिज होम में शुक्रवार रात पहली पत्नी को तलाक दिए बगैर दूसरी शादी रचा रहे तीन साल के बेटे के बाप (दूल्हे) और चार रिश्तेदारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दूल्हन के पिता ने दूल्हे समेत 7 रिश्तेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया। 

क्या है पूरा मामला
टीला मोड़ थाना क्षेत्र के ग्रांड आशीर्वाद मैरिज होम भोपुरा में शुक्रवार रात भारत सिटी के करण की बारात पहुंची। नाचते-गाते बारातियों के साथ दूल्हा करण मंडप में पहुंचा। इस बीच टीला मोड़ थाना के पुलिसकर्मियों के साथ शाहदरा दिल्ली की एक महिला 3 साल के बेटे के साथ मंडप में पहुंची। उसने बताया कि 11 मई 2018 को उसकी करण के साथ शादी हुई थी। दोनों के तीन साल का बेटा है। यह सुनकर शादी समारोह में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दूल्हे करण, उसकी मां सरोज, भाई अजय और मौसी सोनू भाटी व ममता को गिरफ्तार कर लिया।

दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दूल्हे का शादीशुदा होना जानकर दुल्हन पक्ष के लोगों के होश उड़ गए। टीला मोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार ने बताया कि शाहदरा दिल्ली के दुल्हन के पिता ने दूल्हे करण, उसके भाई अजय, मां सरोज, मौसी ममता व सोनू भाटी और अन्य रिश्तेदार युवराज व प्रिया के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। 

30-40 लाख का दहेज लेने के बाद भी मांग जारी
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपितों ने करीब 30-40 लाख रुपये का दहेज पहले ही ले लिए थे। मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक करतार सिंह ने बताया कि दो आरोपित फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। जांच शुरू कर दी गई है। अब तक की जांच में है कि आरोपित मूल रूप से राजस्थान के हैं। यहां किराए पर मकान लेकर रहते हैं। इस बिंदु पर जांच की जा रही है कि कहीं ऐसा तो नहीं है कि आरोपितों ने बार-बार शादी करके लोगों का धन हड़पने का गिरोह तो नहीं बना रखा है। 

एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेद्र सिंह का बयान
एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेद्र सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पहली पत्नी को तलाक दिए बगैर शादी करने पहुंचे दूल्हे और उसके रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.