Ghaziabad News : दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत और जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने शिव भक्तों से अपील की है। उनका कहना है कि शिवरात्रि का जल शुक्रवार दोपहर साढ़े तीन बजे से शुरू होकर शनिवार दोपहर बाद तक चलेगा। इसलिए बेहतर होगा कि पहले कांवड़ियों को जलाभिषेक का मौका दिया जाए। कांवड़िए कई दिन की पैदल यात्रा कर गाजियाबाद पहुंचे हैं और काफी थके हैं। कांवड़ियों को पहले मौका देने से सभी भक्तों को सुविधा होगी। शनिवार सुबह चार बजे से स्थानीय शिवभक्त जलाभिषेक करने आएंगे तो अच्छे से पूजा-अर्चना का मौका मिल सकेगा। शुक्रवार को मंदिर आने पर कांवड़ियों की भारी संख्या के चलते असुविधा हो सकती है।
शुक्रवार सुबह अभिषेक बेहतर
श्री महंत ने बताया दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में त्रयोदशी का जलाभिषेक हो रहा है। शिवरात्रि का जलाभिषेक शुक्रवार करीब साढ़े बजे शुरू होगा। जलाभिषेक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्री दूधेश्वरनाथ मठ के पीठाधीश्वर नारायण गिरि महाराज ने बताया कि शुक्रवार को अपरान्ह 3 बजकर 36 मिनट से शिवरात्रि का जलाभिषेक शुरू होगा, जो शनिवार दोपहर तीन बजे तक चलेगा। शिवभक्तों के लिए शनिवार की सुबह जलाभिषेक करना सुविधाजनक होगा।
पहले व्रत, रात में जागरण, सुबह जल चढ़ाएं
श्री महंत ने कहा है कि स्थानीय शिवभक्त शुक्रवार को घर में रहकर व्रत करें। रात में जागरण कर शिव महिमा का पाठ करें और सुबह चार बजे से दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करें। ऐसा करने से शिवरात्रि पर भोले की आराधना का अवसर भी प्राप्त हो जाएगा और कांवड़ियों के चलते मंदिर पर जलाभिषेक के लिए ज्यादा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। शनिवार को भी जलाभिषेक का उतना ही महत्व है।