गुरुग्राम से सैफई सड़क से जाएगा पार्थिव शरीर, नोएडा में व्यापक बंदोबस्त

मुलायम सिंह यादव की अंतिम यात्रा : गुरुग्राम से सैफई सड़क से जाएगा पार्थिव शरीर, नोएडा में व्यापक बंदोबस्त

गुरुग्राम से सैफई सड़क से जाएगा पार्थिव शरीर, नोएडा में व्यापक बंदोबस्त

Social Media | मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर

Noida/Delhi : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का पार्थिव शरीर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से उनके पैतृक गांव सैफई सड़क मार्ग से ले जाया जाएगा। यह जानकारी मिलने के बाद नोएडा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भीड़ डीएनडी पर पहुंच रही है। दूसरी ओर नोएडा पुलिस व्यापक इंतजाम करने में जुटी है। नोएडा से ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे और फिर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे होते हुए मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर से पहुंचेगा।

27 सितंबर से बीमार थे नेताजी
मिली जानकारी के मुताबिक मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर उनके गांव सैफई ले जाया जाएगा। जहां पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेताजी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर 3 दिन का राजकीय शोक की घोषणा की है। वह पिछले 27 सितंबर से बीमार थे और उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था।

योगी आदित्यनाथ ने किया ट्वीट
उनके निधन पर योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदायी है। उनके निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तंभ एवं एक संघर्षशील युग का अंत हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना व शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा। शोक की इस घड़ी में उनके पुत्र अखिलेश यादव से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।"

घर में तीसरे नंबर के थे मुलायम सिंह यादव
मुलायम सिंह यादव का जन्म यूपी के इटावा जिले में स्थित सैफई गांव में 22 नवंबर 1939 को हुआ था। मुलायम सिंह के पिता का नाम सुघर सिंह यादव और माता का नाम मूर्ति देवी था। मुलायम सिंह 5 भाई और एक बहन है। मुलायम सिंह के सबसे बड़े भाई का नाम अभय राम यादव, इसे छोटे भाई का नाम रतन सिंह यादव, उसके बाद मुलायम सिंह यादव, चौथे नंबर पर राजपाल सिंह यादव और सबसे छोटे शिवपाल सिंह यादव है। पांच भाइयों की एक बहन है, जिनका नाम कमला देवी यादव है।

मेदांता अस्पताल में लगा नेताओं का तांता
मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार की दोपहर 3:00 बजे उनके पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा। इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि नेताजी का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। थोड़ी देर पहले गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां पर उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिजनों से मुलाकात की। मेदांता अस्पताल में इस समय देश के दिग्गज नेताओं का तांता लगा हुआ है।

नेताजी पर लिखी कई किताबें
मुलायम सिंह पर कई पुस्तकें लिखी जा चुकी हैं। इनमे पहला नाम "मुलायम सिंह यादव- चिन्तन और विचार" का है, जिसे अशोक कुमार शर्मा ने सम्पादित किया था। इसके अतिरिक्त राम सिंह और अंशुमान यादव द्वारा लिखी गई "मुलायम सिंह: ए पोलिटिकल बायोग्राफी" अब उनकी प्रमाणिक जीवनी है। लखनऊ की पत्रकार डॉ.नूतन ठाकुर ने भी मुलायम सिंह के सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनैतिक महत्व को रेखांकित करते हुए एक पुस्तक लिखने का कार्य किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.