Ghaziabad News : यूजर चार्ज की वसूली करने वाली कंपनी स्पैरो के खिलाफ जांच शुरू होने के साथ ही कंपनी के ऑफिस बंद हो गए हैं। अभी तक स्पैरो कंपनी ने नगर निगम के कवि नगर, विजय नगर, सिटी जोन, वसुंधरा और मोहन नगर जोन में ऑफिस बनाए हुए थे। पिछले दिनों महापौर सुनीता दयाल को कंपनी के बारे में कई शिकायत मिलने पर कंपनी की जांच करने के लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा था। अब जैसे ही नगर आयुक्त ने जांच के लिए कमेटी बनाने के आदेश दिए, स्पैरो कंपनी ने अपना बोरिया-बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
कंपनी ने अपने सभी जोनल कार्यालय में ऑफिस खोले हुए थे। अब जैसे ही नगर आयुक्त ने स्पैरो कंपनी के खिलाफ जांच के लिए कमेटी गठित करने के आदेश दिए, इसी के साथ स्पैरो कंपनी ने अपने सभी ऑफिस बंद कर दिए हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिंह का कहना है कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का यूजर चार्ज का ठेका पाने वाली कंपनी स्पैरो का स्टाफ अब फील्ड में यूजर चार्ज की वसूल कर रहा है। इस कंपनी को दिए गए ठेके को लेकर पहले ही विवाद चल रहा है। गत दिनों निगम की बोर्ड बैठक में इस कंपनी को 10 वर्ष के लिए दिए गए ठेके को लेकर विवाद हो गया था।
पार्षदों ने लगाए आरोप
कई पार्षदों का कहना है कि कंपनी को ठेका देने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास नहीं हुआ है। इसके बाद भी कंपनी को यह ठेका 10 वर्ष के लिए दिया गया। महापौर को पार्षदों ने कई बार शिकायत की है। जिसके बाद अब महापौर ने इसे गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग की थी। स्पैरो कंपनी को दिए गए ठेके के बारे में जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि स्पैरो कंपनी को किस प्रकार ठेका दिया गया है।जबकि मुख्य कर निर्धारण अधिकारी का कहना है कि कंपनी को बोर्ड की इजाजत से ठेका दिया गया है। अब जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा।