रैपिडएक्स रेल ने बदली गाजियाबाद की किस्मत, रियल एस्टेट में जोरदार उछाल

बड़ी खबर : रैपिडएक्स रेल ने बदली गाजियाबाद की किस्मत, रियल एस्टेट में जोरदार उछाल

रैपिडएक्स रेल ने बदली गाजियाबाद की किस्मत, रियल एस्टेट में जोरदार उछाल

Google Image | Symbolic

Ghaziabad News : देश की पहली रीजनल रैपिड रेल नमो भारत के पहले फेज का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा चुका है। पहले फेज के 17 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर यह ट्रेन चलाई जा रही है। जो साहिबाबाद से दुहाई के बीच चल रही है। खास बात यह है कि इस ट्रेन के आने की घोषणा के बाद से गाजियाबाद और इससे जुड़े स्थानों के रियल एस्टेट यानी जमीन की कीमतों में जोरदार इजाफा देखने को मिला है। इसकी शुरुआत हो चुकी है।

20 फीसदी तक उछल गए दाम
वसुंधरा, वैशाली और राजनगर एक्सटेंशन के साथ-साथ कई स्थानों पर जमीन के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जैसे-जैसे रैपिड रेल के रूट का दायरा बढ़ेगा, वैसे जमीन और प्रॉपर्टी के दाम और बढ़ते जाएंगे। प्रॉपर्टी के व्यवसाय से जुड़े लोगों के मुताबिक, जब से रैपिड रेल की घोषणा हुई है, तब से लेकर अब तक इन जगहों पर प्रॉपर्टी के दाम 20 फीसदी तक बढ़ चुके हैं। रैपिड रेल पूरी तरह से दिल्ली से मेरठ रोड पर संचालित होने के बाद इसके दाम और ज्यादा बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।

कहां कितने बढ़े दाम
2021 में राजनगर एक्सटेंशन में प्रॉपर्टी के रेट 3300 प्रति वर्गफीट पर थे, जो सितंबर 2023 तक बढ़कर 3900 प्रति वर्गफीट हो गए हैं। वसुंधरा के प्रॉपर्टी रेट 5200 से बढ़कर 6200 प्रति वर्गफीट तक चले गए हैं। वैशाली में प्रॉपर्टी के रेट 5150 रुपए प्रति वर्गफीट पर थे, जो सितंबर 2023 तक बढ़कर 6100 प्रति वर्गफीट पर चले गए हैं। इस रूट पर राजनगर एक्सटेंशन, वसुंधरा, वैशाली और एनएच 24 को इस रैपिड रेल रूट का सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। हालांकि कुछ और फैक्टर भी ध्यान में रखने होंगे, जैसे एरिया में कानून व्यवस्था की स्थिति कैसी है। लास्ट माइल कनेक्टिविटी और सार्वजनिक सुविधाएं इत्यादि। जीडीए भी अपने भूखंड और फ्लैट बेचने के लिए रैपिडएक्स रेल का सहारा ले रहा है।

अभी और बढ़ेंगे रेट
82 किलोमीटर का आरआरटीएस कॉरिडोर गाजियाबाद से होते हुए दिल्ली से मेरठ जाएगा। इसके 2025 में चालू हो जाने की उम्मीद है। नेशनल कैपिटल रेल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन एनसीआरटीसी इस प्रोजेक्ट को पूरा कर रही है। इसका कहना है कि साल 2025 तक यह बनकर तैयार हो जाएगी। उसके बाद रेट और भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.