राफेल जेट लाने वाले आरकेएस भदौरिया ने थामा भाजपा का दामन, गाजियाबाद से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा

लोकसभा चुनाव : राफेल जेट लाने वाले आरकेएस भदौरिया ने थामा भाजपा का दामन, गाजियाबाद से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा

राफेल जेट लाने वाले आरकेएस भदौरिया ने थामा भाजपा का दामन, गाजियाबाद से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा

Google Photo | आरकेएस भदौरिया ने थामा भाजपा का दामन

Ghaziabad News : पूर्व वायु सेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए रविवार को भाजपा का दामन थाम लिया। दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा महासचिव विनोद तावडे और अनुराग ठाकुर ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराई। चर्चा है कि भदौरिया को गाजियाबाद लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

यह है पूरा मामला
पूर्व वायु सेना प्रमुख राकेश कुमार सिंह भदौरिया को गाजियाबाद लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। हालांकि राकेश कुमार भदौरिया गाजियाबाद के स्थानीय निवासी नहीं है। उनका जन्म आगरा की बाह तहसील के गांव कोरथ में हुआ है। उनकी पत्नी आशा भदौरिया भी आगरा की रहने वाली है। वायु सेना में 40 वर्षों की सेवा देने के बाद वे 30 सितंबर 2021 को सेवानिवृत हो गए थे। चार दशक तक वायु सेना में सेवा देने के दौरान उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक व वायु सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। भदौरिया राफेल समेत 26 प्रकार के फाइटर जेट को उडाने में 4250 घंटे उड़ने का अनुभव रखते हैं।

बदले समीकरण
आएकेएस भदौरिया भारतीय जनता पार्टी से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रहे है। माना जा रहा है कि जनरल वीके सिंह के स्थान पर उन्हें गाजियाबाद लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। रविवार को पार्टी में सदस्यता ग्रहण करने के बाद से यह अनुमान लगाया जा रहा है। बता दें कि गाजियाबाद लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है। पार्टी ने अभी तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। पार्टी की तरफ से रविवार को गाजियाबाद लोकसभा सीट पर प्रत्याशी का नाम घोषित होने की उम्मीद लगाई जा रही है। हालांकि पहले वीके सिंह पर ही पार्टी आलाकमान दांव खेलने का मन बना रही थी, लेकिन अचानक आर के एस भदौरिया की पार्टी में एंट्री होने से सारे समीकरण बदल गए हैं।

राफेल से रिश्ता
आर के एस भदौरिया 30 सितंबर 2019 से 30 सितंबर 2021 तक वायु सेना के प्रमुख रहे है। भारत को फ्रांस से राफेल दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने बीजेपी में शामिल होने के बाद कहा कि एक बार फिर से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर देने के लिए पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि वे 4 दशकों से अधिक समय तक भारतीय वायु सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले 8 वर्षों के दौरान उनकी सेवा का सबसे अच्छा समय रहा है। भदौरिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर मिशन से प्रभावित नजर आए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.