गाजियाबाद में सपा, कांग्रेस और बसपा को नहीं मिला प्रत्याशी, भाजपा बदलेगी उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव 2024 : गाजियाबाद में सपा, कांग्रेस और बसपा को नहीं मिला प्रत्याशी, भाजपा बदलेगी उम्मीदवार

गाजियाबाद में सपा, कांग्रेस और बसपा को नहीं मिला प्रत्याशी, भाजपा बदलेगी उम्मीदवार

Tricity Today | लोकसभा चुनाव 2024

Ghaziabad News : भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है, लेकिन गाजियाबाद लोकसभा सीट पर अभी किसी भी पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। सत्ताधारी पार्टी भी दिल्ली ऑफिस में टिकट को लेकर मंथन कर रही है। वहीं, सपा-कांग्रेस गठबंधन समेत सभी दल पशोपेश में नजर आ रहे हैं।

कट सकता है वीके सिंह का टिकट
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में मतदान होना है। आगामी 26 अप्रैल प्रत्याशी की जीत के लिए गाजियाबाद के मतदाता अपना बहुमूल्य वोट डालेंगे, लेकिन अभी तक किसी भी दल ने यहां से अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। संभावना जताई जा रही है कि सभी पार्टियों की नजर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार पर टिकी है। उसके बाद ही अन्य दल जातीय समीकरण को साधते हुए अपना प्रत्याशी मैदान में उतरेंगे। बड़ी बात यह है कि सपा-कांग्रेस गठबंधन समेत बहुजन समाज पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए किसी ने भी अभी तक आवेदन नहीं किया है। यहां पार्टी प्रमुखों का कहना है कि पार्टी हाईकमान जिसे टिकट देगी पार्टी कार्यकर्ता उसे जिताने की भरसक कोशिश करेगा। लोगों में चर्चा है कि वीके सिंह का टिकट कट सकता है।

कांग्रेस में नहीं दिया आवेदन
लोकसभा चुनाव 2024 में सपा और कांग्रेस ने गठबंधन किया है। गाजियाबाद की सीट कांग्रेस के खाते में गई है। कांग्रेस से डॉली शर्मा 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ी थी और दूसरे नंबर पर रही थी। वही कांग्रेस से सांसद रहे सुरेंद्र प्रकाश गोयल के बेटे सुशांत गोयल को भी पार्टी टिकट दे सकती है। बीते मेयर इलेक्शन में कांग्रेस की प्रत्याशी रही पुष्पा रावत भी लाइन में है, लेकिन आईसीसी सदस्य डॉली शर्मा की सक्रियता को देखते हुए उन्हें टिकट मिलने की संभावनाएं अधिक है।

रिकार्ड मतों से जीते थे वीके सिंह
गाजियाबाद लोकसभा सीट को भारतीय जनता पार्टी अपने लिए सुरक्षित सीट मानती है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि गाजियाबाद लोकसभा सीट भाजपा के लिए जीत की गारंटी है। भारतीय जनता पार्टी यहां से जिसे भी टिकट देगी, उसका जितना लगभग तय माना जा रहा है। इस सीट का इतिहास भी कुछ इसी की गवाही देता है। यहां से जनरल वीके सिंह ने वर्ष 2014 में का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के राज बब्बर को रिकॉर्ड 5 लाख से अधिक मतों से हराकर जीता था। इसके बाद 2019 में लगातार वीके सिंह ने जीत दर्ज की थी।  
वीके सिंह की संभावना कम
इससे पहले वर्ष 2009 के लोकसभा इलेक्शन में भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता राजनाथ सिंह भी चुनाव जीत चुके हैं। गाजियाबाद लोकसभा सीट भारतीय जनता पार्टी का गढ़ मानी जाती है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक दो दिन में पार्टी गाजियाबाद लोकसभा सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। इसके लिए पार्टी मुख्यालय में मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को टिकट मिल सकता है।

बसपा हुई साइलेंट
खबरें है कि बहुजन समाजवादी पार्टी गाजियाबाद लोकसभा सीट से किसी मुस्लिम चेहरे को मैदान में उतर सकती है। इसके लिए पार्टी में मंथन चल रहा है। बसपा नेता ने बताया कि पार्टी सभी दलों पर नजरें बनाए हुए हैं। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को देखकर बसपा यहां किसी अल्पसंख्यक को मैदान में उतर सकती है। इसके लिए पार्टी किसी कद्दावर नेता की तलाश कर रही है। खबर है कि बसपा से भी किसी ने अभी तक टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.