सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, डीएम कार्यालय का घेराव कर किया हंगामा 

गाजियाबाद में चक्का जाम : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, डीएम कार्यालय का घेराव कर किया हंगामा 

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, डीएम कार्यालय का घेराव कर किया हंगामा 

Tricity Today | सफाईकर्मी प्रदर्शन करते हुए

Ghaziabad News: गाजियाबाद नगर निगम में सफाई कर्मचारियों का गुरुवार को चौथे दिन भी अपनी मांगों को लेकर धरना जारी रहा। इस दौरान उनके द्वारा हापुड़ रोड़ पर पैदल मार्च निकाला गया। मार्च नगर निगम कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला गया। इस दौरान सड़क पर भारी जाम लग गया। पिछले चार दिनों से शहर में साफ-सफाई का कार्य ठप रहा, जिस कारण शहर में जगह-जगह गंदगी फैलने लगी है।

यह है पूरा मामला
अपनी मांगों को लेकर गाजियाबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की गुरुवार को चौथे दिन भी हड़ताल जारी रही। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने मिलकर गाजियाबाद डीएम कार्यालय का घेराव किया। सफाई कर्मचारी नगर निगम कार्यालय से मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए निकले। नगर निगम कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक सड़क पर पैदल मार्च करते हुए निकले। सड़क पर पुलिस व्यवस्था बिगड़ती देख पुलिस फोर्स को बुलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था बनाते दिखाई दिए। सड़क पर निकले मार्च से हापुड़ रोड़ पर लंबा जाम लग गया।

जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
सफाई कर्मचारी संघ उपाध्यक्ष संजय टांक ने बताया कि नगर निगम में तैनात सफाई कर्मचारियों की तीन महत्वपूर्ण मांगें हैं। जिनमें पहली वेतन बढ़ोतरी की मांग है जबकि दूसरी मांग नगर निगम में पीएफ विभाग में हुए 10 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर है। जिसे अभी तक दूर नहीं किया गया है। साथ ही कांटेक्ट कर्मचारियों को पक्का करने की भी मांग है। इन सभी प्रमुख मांगों को जब तक नहीं माना जाएगा तब तक सफाई कर्मचारियों का धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय जाकर उनके द्वारा मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन दिया गया है। 

चार दिन से जारी हड़ताल
पिछले चार दिनों से सफाई कर्मचारियों ने गाजियाबाद नगर निगम कार्यालय पर धरना दिया हुआ है। जिसके चलते शहर में जगह-जगह गंदगी का ढेर लगने लगा है। घरों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। लोग घरों का कूड़ा बाहर सड़कों पर फेंक रहे है। जिससे गंदगी फैलने लगी है। दूसरी तरफ जिनके कंधों पर शहर की साफ सफाई का जिम्मा है। वही लोग हड़ताल कर रहे हैं। 

नगर निगम का पक्ष जानिए 
नगर निगम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की प्रमुख रूप से तीन मांगें है। जिसमें कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को परमानेंट करने की भी मांग है। जिनका निवारण शासन स्तर से ही किया जाएगा। यह एक लंबे प्रोसेस से होकर गुजरने वाला कार्य है। जिसमें समय लग सकता है। 

रिपोर्ट शासन को भेजी
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सफाई कर्मचारियों की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। अब जैसा भी शासन का निर्णय होगा कर्मचारियों को अवगत करा दिया जाएगा। साथ ही हड़ताली सफाई कर्मचारियों के साथ भी सकारात्मक बैठक चल रही है। इसका भी समाधान जल्द ही निकाल लिया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.