दुकानों के किराये में वृद्धि से व्यापारियों में उबाल, पदयात्रा निकालकर नगर निगम पर दिया धरना

Ghaziabad News : दुकानों के किराये में वृद्धि से व्यापारियों में उबाल, पदयात्रा निकालकर नगर निगम पर दिया धरना

दुकानों के किराये में वृद्धि से व्यापारियों में उबाल, पदयात्रा निकालकर नगर निगम पर दिया धरना

Tricity Today | गाजियाबाद में आज कारोबारियों ने नगर निगम की नीति के विरोध में प्रदर्शन किया।

Ghaziabad News : गाजियाबाद में आज कारोबारियों ने नगर निगम की नीति के विरोध में प्रदर्शन किया। नगर निगम की दुकानों का किराया बाजार रेट पर करने को लेकर आज कारोबारियों ने शहर की घंटाघर मार्केट सहित कई मार्केट में पदयात्रा निकाली और नगर निगम के गेट पर धरना दिया। बता दें कि नगर निगम की पिछली बोर्ड बैठक के दौरान निगम की दुकानों का किराया बाजार रेट पर वसूल करने का प्रस्ताव पास किया गया था। उसके बाद अब दुकानों के किरायेदार इस मुद्दे को लेकर नगर निगम के विरोध में एकजुट हो गए हैं।

यह है पूरा मामला
गाजियाबाद नगर निगम की पूर्व में हुई बोर्ड बैठक में दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का प्रस्ताव लाया गया था। नगर निगम की कुल 1702 दुकानों के किराये में सर्किल रेट के हिसाब से बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया था। बता दें कि नगर निगम की दुकानों का किराया पिछले 25 वर्षों से नहीं बढ़ाया गया है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर किराये में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया था। इसमें 10 प्रतिशत प्रतिवर्ष के हिसाब से बढ़ोतरी करने की सिफारिश की गई थी। गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा पहले भी दुकान के किराये में बढ़ोतरी की कोशिश की गई थी। लेकिन, दुकानदारों की एकता के कारण यह मामला खटाई में पड़ गया था। 

बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास
नगर निगम की दुकानों का किराया आज भी 500 और दो हजार रुपये है। जबकि इन दुकानों के पड़ोस वाली दुकान का किराया 40 हजार से 50 हजार रुपये के आसपास है। नगर निगम के अधिकारी का आरोप है कि कुछ लोगों ने नगर निगम से दुकान अपने नाम पर अलॉट कराने के बाद दूसरे दुकानदारों को बाजार रेट से किराये पर दी हुई है। जिस कारण नगर निगम को भारी नुकसान हो रहा है। अधिकारी ने बताया कि नया किराया लागू होने के बाद नगर निगम को इससे करोड़ों रुपये का मुनाफा होगा, जो शहर के विकास कार्यों में खर्च किया जाएगा। नगर निगम ने बोर्ड बैठक के दौरान साफ किया था कि नगर निगम की दुकान में काबिज ऐसे किराएदारों से अब नगर निगम सीधे किराया वसूल करेगा।

दुकानदारों ने किया प्रदर्शन
नगर निगम की दुकानों में काबिज दुकानदारों ने सोमवार को नगर आयुक्त से मिलकर पुराने दर से किराया देने की बात कही थी, लेकिन नगर निगम ने दुकानदारों का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। आज गुरुवार को 1702 दुकानों के किरायेदारों ने मिलकर शहर के बाजारों में नगर निगम के विरोध में नारेबाजी की और पदयात्रा निकालते हुए नगर निगम के ऑफिस पहुंच गए। वहां वे अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। अब देखने वाली बात है कि नगर निगम बोर्ड मीटिंग के प्रस्ताव पर अड़ा रहता है या फिर व्यापारियों की एकता के आगे झुक जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.