गाजियाबाद में फ्लाईओवर पर उल्टी दौड़ी 'मौत', दो की जान गई, आठ की हालत खराब

Uttar Pradesh : गाजियाबाद में फ्लाईओवर पर उल्टी दौड़ी 'मौत', दो की जान गई, आठ की हालत खराब

गाजियाबाद में फ्लाईओवर पर उल्टी दौड़ी 'मौत', दो की जान गई, आठ की हालत खराब

google image | ट्रक को निकालते हुए क्रेन

Ghaziabad : गाजियाबाद में शुक्रवार-शनिवार की रात बड़ा हादसा हुआ है। शहर कोतवाली क्षेत्र में नया बस अड्डे के पास फ्लाईओवर पर सीमेंट से लदा एक ट्रक अचानक पीछे की तरफ दौड़ पड़ा। ट्रक के पीछे चल रहे दो ऑटो और एक बाइक चपेट में आ गए। एक ऑटो तो पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गया। दूसरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। दूसरा ऑटो नाले में जा गिरा। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 8 लोगों को शहर के एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 6 लोगों की हालत बहुत  ज्यादा गंभीर थी। उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस उसको तलाश कर रही है।

फ्लाईओवर पर मच गई चीख पुकार
गाजियाबाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की देर रात नया बस अड्डा के पास वाले फ्लाईओवर पर सीमेंट की बोरियों से भरा एक ट्रक जा रहा था। उसके पीछे अन्य वाहन चल रहे थे। ट्रक जब पुल पर चढ़ रहा था लेकिन अचानक पीछे की तरफ दौड़ने लगा। पीछे चल रहे दो ऑटो और एक बाइक चपेट में आ गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग और रैपिड मेट्रो के स्टेशन पर काम कर रहे कर्मचारी दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने क्रेन और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से ट्रक के नीचे फंसे ऑटो और सवारियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस दौरान दो लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया।

6 घायलों की हालत ज्यादा खराब
गाजियाबाद के एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि देर रात नया बस अड्डा के पास वाले फ्लाईओवर पर सीमेंट से लदा एक ट्रक जा रहा था। ट्रक पुल पर चढ़ते वक्त अनियंत्रित होकर पीछे की तरफ फिसल गया। इस दौरान ट्रक के पीछे चल रहे दो ऑटो और एक बाइक उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में मूल रूप से इटावा के रहने वाले विशाल पुत्र रमाकांत यादव और ऑटो चालक सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। योगेंद्र, जगमोहन सिंह, समीर, दीपचंद, इसरार, गिरीश, योगेश गिरी और एक अन्य समेत कुल 8 लोगों को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। इनमें से गिरीश और योगेश को छोड़कर सभी को दिल्ली रेफर कर दिया गया है।

निपुण अग्रवाल ने बताया कि दोनों मृतक और घायलों के घर वालों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। योगेश और गिरीश को छोड़कर अन्य 6 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर किया गया है। उधर, ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में ट्रक ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.