जांच में महिला समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव, जिले में 6 सक्रिय मरीज

सिंगापुर और वियतनाम से गाजियाबाद आया कोविड : जांच में महिला समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव, जिले में 6 सक्रिय मरीज

जांच में महिला समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव, जिले में 6 सक्रिय मरीज

Google Image | Symbolic Image

Ghaziabad News : सिंगापुर से लौटी महिला कोविड पॉजिटिव निकली है। खांसी जुकाम होने पर उसका कोरोना टेस्ट कराया गया था। इसके अलावा वियतनाम से लौटे एक युवक का कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके बाद जिले में कोरोना के 6 सक्रिय मरीज हो गए हैं। सभी मरीजों का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। दूसरे राज्यों और विदेश से आने वाले लोगों को कोरोना टेस्ट के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

यह है पूरा मामला
गाजियाबाद जनपद में धीरे-धीरे कोरोना फिर से पैर पसारने लगा है। नवंबर माह में कोरोना मरीज के मिलने का सिलसिला शुरू हुआ था, जो दिसंबर में समाप्त हो गया था। लेकिन, साल के शुरुआत में यह फिर से शुरू हो गया है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक और नए कोरोना मरीज की पुष्टि हुई है। 34 वर्षीय महिला के सिंगापुर से लौटने के बाद उनमें कोरोना के लक्षण दिखाई देने के बाद निजी लैब में जांच कराई गई थी। जांच के बाद कोरोना की पुष्टि हुई है। इंदिरापुरम निवासी 34 वर्षीय महिला कुछ दिन पूर्व ही सिंगापुर की यात्रा से वापस लौटी थी। उसके बाद 24 जनवरी को बुखार और खांसी की समस्या होने पर उनका प्राइवेट चिकित्सक से इलाज चल रहा था। लेकिन, अधिक आराम नहीं होने पर उन्हें कोरोना जांच कराने की सलाह दी गई। उसके बाद मरीज ने निजी लैब में जांच कराई और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला को होम आइसोलेट किया गया है। 

वियतनाम से लौटा युवक निकला कोरोना पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गोविंदपुरम में रहने वाले 37 वर्षीय व्यक्ति 28 जनवरी को वियतनाम से लौटे हैं। उन्होंने निजी लैब से कोविड की जांच कराई, जिसमें कोविड की पुष्टि हुई है। उसके बाद उन्हें भी होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिला सर्विलांस अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि वैशाली में रहने वाले एक पिता पुत्र कुछ दिन पूर्व चंडीगढ़ में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। लौटने पर उन्हें खांसी और जुकाम की शिकायत हुई। दवा लेने के बाद भी आराम नहीं मिलने पर उन्होंने निजी लैब से कोरोना की जांच कराई। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। 

क्या कहते हैं सर्विलांस अधिकारी
जिला सर्विलांस अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि बुधवार को जनपद में कोविड की रेंडम जांच की गई। इस दौरान 64 जांच की गई थी। जांच रिपोर्ट में 63 सैंपल निगेटिव मिले हैं। फिलहाल जिले में 6 सक्रिय मरीज हैं। सभी का होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा हैं। डॉ. गुप्ता ने बताया कि दूसरे देशों और दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को कोविड जांच के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.