10 फरवरी को गाजियाबाद में होगा मतदान, पांचों सीटों पर बीजेपी का कब्जा

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : 10 फरवरी को गाजियाबाद में होगा मतदान, पांचों सीटों पर बीजेपी का कब्जा

10 फरवरी को गाजियाबाद में होगा मतदान, पांचों सीटों पर बीजेपी का कब्जा

Tricity Today | Symbolic Photo

Ghaziabad News : चुनाव आयोग ने शनिवार को दिल्ली में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) की घोषणा कर दी है। यूपी में सात चरणों में चुनाव होंगे। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पहले चरण के अंतर्गत चुनाव होगा। 10 फरवरी को पांचों विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 

गाजियाबाद, साहिबाबाद, मोदी नगर, लोनी और मुरादनगर विधानसभा सीटों पर एक ही दिन वोट डाले जाएंगे। 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी। कोरोना की वजह से रैली, पद यात्रा, साइकिल और बाइक रैली पर 15 जनवरी तक रोक लगाई गई है। डोर-टू-डोर कैंपेन करने के लिए पांच लोगों को ही इजाजत दी गई है। पांच विधानसभा सीटों के लिए होने वाले मतदान की अधिसूचना 14 जनवरी को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख 21 जनवरी है। 24 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच(स्कूटनी) होगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख 27 जनवरी है। 10 फरवरी को मतदान होगा। 

पांचों विधानसभा पर भाजपा का कब्जा
गाजियाबाद की पांचों विधानसभा पर भाजपा का कब्जा है। शहर विधानसभा सीट से अतुल गर्ग विधायक हैं जोकि मौजूदा समय में योगी कैबिनेट का हिस्सा हैं। लोनी विधानसभा सीट पर भी भाजपा का कब्जा है। यहां से नंदकिशोर गुर्जर विधायक हैं। मोदी नगर विधानसभा पर भी भाजपा का कब्जा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की डा. मंजू शिवच ने बसपा उम्मीदवार को पराजित किया था। मोदीनगर विधानसभा में बागपत जिले के भी कुछ हिस्से आते हैं। साहिबाबाद विधानसभा सीट भी भाजपा के खाते में हैं। यहां से सुनील कुमार शर्मा विधायक हैं। मुरादनगर सीट पर भी भाजपा का कब्जा है। यहां से अजीत पाल त्यागी विधायक चुने गए थे। 

भाजपा इन सभी सीटों पर फिर से कब्जा करने का प्रयास करेगी वहीं, समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल के साथ इन सीटों पर जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी। बसपा और कांग्रेस भी इन सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगी। बता दें कि अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं की है। अब देखना होगा कि भाजपा अपने विधायकों को फिर से मौका देगी या फिर किसी नए चेहरे पर पार्टी दांव लगाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.