अब योगी आदित्यनाथ 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा नहीं गाजियाबाद में करेंगे रात्रि प्रवास, 22 की सुबह दादरी और ग्रेटर नोएडा आएंगे

BIG BREAKING : अब योगी आदित्यनाथ 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा नहीं गाजियाबाद में करेंगे रात्रि प्रवास, 22 की सुबह दादरी और ग्रेटर नोएडा आएंगे

अब योगी आदित्यनाथ 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा नहीं गाजियाबाद में करेंगे रात्रि प्रवास, 22 की सुबह दादरी और ग्रेटर नोएडा आएंगे

Google Image | Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath visit : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब 21 सितंबर का रात्रि प्रवास ग्रेटर नोएडा की गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि प्रवास गाजियाबाद में होगा। अब 22 सितंबर की सुबह मुख्यमंत्री पहले दादरी और फिर ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रमों में शरीक होंगे। दरअसल, पिछले एक सप्ताह से सम्राट मिहिर भोज को लेकर दो समुदायों के बीच छिड़े विवाद के चलते योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में यह बदलाव किया गया है। कई सामाजिक संगठनों ने कार्यक्रम में शामिल होने और नहीं होने को लेकर ज्ञापन भेजे हैं।

पिछले सप्ताह शासन की ओर से जानकारी दी गई थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 सितंबर की शाम ग्रेटर नोएडा आएंगे। वह गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में रात्रि प्रवास करेंगे। इसके बाद 22 सितंबर की सुबह 10:00 बजे इंडिया एक्सपोमार्ट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद दादरी के मिहिर भोज महाविद्यालय जाएंगे। वहां सम्राट मिहिर भोज की 15 फुट ऊंची अष्टधातु की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह कार्यक्रम आते ही सम्राट मिहिर भोज को लेकर ठाकुर और गुर्जर समुदायों में विवाद शुरू हो गया। इस विवाद को खत्म करने की लगातार कोशिश की जा रही हैं लेकिन हालात संभालने की बजाय बिगड़ रहे हैं। 

अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। रविवार की देर शाम शासन से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री 21 सितंबर की शाम गाजियाबाद पहुंचेंगे। गाजियाबाद में उनका वायुयान हिंडन एयरपोर्ट पर उतरेगा। मुख्यमंत्री के रात्रि प्रवास का इंतजाम गाजियाबाद में किया जा रहा है। वहां से योगी आदित्यनाथ 22 सितंबर की सुबह ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोमार्ट सेंटर पहुंचेंगे। यहां एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। ग्रेटर नोएडा से मुख्यमंत्री दादरी रवाना होंगे। दादरी के मिहिर भोज महाविद्यालय में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हापुड़ जिले के धौलाना कस्बा जाएंगे। धौलाना में एक जनसभा का आयोजन किया गया है। वहां मुख्यमंत्री विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। 

आपको बता दें कि योगी आदित्यनाथ पश्चिम उत्तर प्रदेश की उन 29 विधानसभा सीटों का दौरा शुरू कर रहे हैं, जो पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी हार गई थी। इनमें हापुड़ जिले की धौलाना सीट भी शामिल है। मुख्यमंत्री को धौलाना विधानसभा क्षेत्र का दौरा करना था। इसी बीच ग्रेटर नोएडा और दादरी के मिहिर भोज कॉलेज से जुड़े कार्यक्रमों को मुख्यमंत्री ने समय दे दिया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.