महज 12 घंटे में सांसों की दूसरी खेप हरिद्वार से ग्रेटर नोएडा पहुंची, जरूरतमंदों को वितरित किए गए ऑक्सीजन सिलेंडर

अच्छी खबर: महज 12 घंटे में सांसों की दूसरी खेप हरिद्वार से ग्रेटर नोएडा पहुंची, जरूरतमंदों को वितरित किए गए ऑक्सीजन सिलेंडर

महज 12 घंटे में सांसों की दूसरी खेप हरिद्वार से ग्रेटर नोएडा पहुंची, जरूरतमंदों को वितरित किए गए ऑक्सीजन सिलेंडर

Social Media | महज 12 घंटे में सिलेंडर रिफिल होकर वापस आ गए

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को आज हरिद्वार से ऑक्सीजन की दूसरी खेप मिल गई है। प्राण रक्षक गैस से भरी गाड़ी शुक्रवार की सुबह ही ग्रेटर नोएडा पहुंच गई थी। सुबह 11:00 बजे तक सभी जरूरतमंद लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर का वितरण कर दिया गया था। दरअसल कल रात को ही नेफोमा ने करीब 20 सिलेंडरों से भरी एक गाड़ी हरिद्वार के भेल सेंटर पर भेजा था। प्रशासन की मदद से इस बार सिलेंडर के रिफलिंग में ज्यादा वक्त नहीं लगा और महज 12 घंटे में ही सभी लोगों को भरे हुए सिलेंडर वापस मिल गए। 

नेफोमा की राष्ट्रीय महासचिव रश्मि पांडेय ने बताया कि पहली बार में सिलेंडर भरवाने में करीब 36 घंटे का वक्त लगा था। लेकिन दूसरी बार सिर्फ 12 घंटे में ही भरे हुए सिलेंडर वापस आ गए और आज सुबह सबको वितरित कर दिए गए। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण और गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने हरिद्वार के जिला प्रशासन से इस संबंध में बात की थी। इसका संज्ञान लेते हुए हरिद्वार प्रशासन ने बिना देरी किए सिलेंडर रिफिल करने का आदेश दिया था। इससे पहले हरिद्वार जिला प्रशासन की तरफ से कहा गया था कि सभी ऑक्सीजन सेंटर पर पहले प्रदेश की जरूरतों के हिसाब से ऑक्सीजन वितरित किया जाएगा। उसके बाद ही दूसरे राज्यों के लोगों को गैस की सप्लाई होगी। इस वजह से पहली बार में करीब 36 घंटे का वक्त लग गया था।

रश्मि पांडेय ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से नेफोमा ने लगातार दूसरी बार ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति कराई है। हरिद्वार से आज सुबह ही भरे सिलेंडर आ गए और हमने वेस्ट की सोसायटी में चल रहे L-1 सेंटर्स को ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति करा दी है। उन्होंने बताया कि आज भी 15 से ज्यादा सिलेंडर जमा हो गए हैं। देर शाम तक समन्वय बनाया जाएगा। अगर जरूरतमंद लोगों की संख्या बढ़ती है, तो आज देर रात को ही फिर से एक गाड़ी हरिद्वार के लिए रवाना की जाएगी। नहीं तो कल भेजी जाएगी। 

उन्होंने इस पर प्रसन्नता जाहिर की कि अब महज 12 घंटे में ही भरे हुए सिलेंडर वापस मिल जाएंगे। इससे सांसो की जंग हार रहे लोगों को जीवनदान मिलेगा। उन्हें ऑक्सीजन उपलब्ध हो जाएगी और फौरी तौर पर भारी राहत मिलेगी। नेफोमा सिलेंडरों का वितरण हर सोसायटी के गेट पर करा रहा है। ताकि संक्रमित परिवारों को ज्यादा परेशान ना होना पड़े। गेट पर मौजूद गार्ड या सोसाइटी के वॉलंटियर उन सिलेंडर को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचा रहे हैं। इससे कम वक्त में उनको ऑक्सीजन मिल जा रही है। सिलेंडर गुम होने या किसी नुकसान का खतरा समाप्त हो जा रहा है। हालांकि खाली सिलेंडर जमा करने के लिए कुछ पॉइंट बनाए गए हैं। जहां से गाड़ी में इन्हें लोड किया जाता है।
p;

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.