बिल्डर ने खरीदारों के खिलाफ कार्रवाई की, जानिए क्या है पूरा मामला

ग्रेटर नोएडा वेस्ट : बिल्डर ने खरीदारों के खिलाफ कार्रवाई की, जानिए क्या है पूरा मामला

बिल्डर ने खरीदारों के खिलाफ कार्रवाई की, जानिए क्या है पूरा मामला

Tricity Today | Greater Noida West

शाहबेरी में अवैध निर्माण कराने वाले बिल्डरों और घर खरीदारों के बीच संघर्ष जारी है। ताजा मामले में शाहबेरी में फ्लैट खरीदारों पर अब बिल्डर मुकदमे दर्ज कराने लगे हैं। इससे शाहबेरी में फ्लैट खरीदार काफी रोष में हैं। फ्लैट खरीदारों का कहना है कि उन्होंने बिल्डरों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन को कई लिखित शिकायतें दी हैं। परंतु, अब तक उनकी शिकायतों पर प्रशासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया है। 

फ्लैट खरीदार सचिन राघव ने बताया कि शाहबेरी में बिल्डर खरीदारों पर एफआईआर दर्ज कराने लगे हैं। खरीदारों  ने एक साल पहले ही बिल्डरों के खिलाफ शिकायत की थी। पर प्रशासन ने खरीदारों की शिकायतों पर कोई संज्ञान नहीं लिया। अब तक एक भी बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। परंतु प्रशासन ने बिल्डरों की शिकायत पर एक्शन लेते हुए सैकड़ों खरीदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया। उन्होंने बताया कि सितंबर, 2019 में 80 खरीदारों ने 20 से ज्यादा शिकायतें पुलिस में दर्ज कराई थीं। पर खरीदारों की एक भी शिकायत पर अमल नहीं किया गया। कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई। जबकि बिल्डरों और बैंक ने मिलकर खरीदारों को फंसाया है। 

उन्होंने बताया कि शाहबेरी में अवैध निर्माण अब भी निर्बाध रूप से चल रहा है। घरों की रजिस्ट्रियां बेधड़क की जा रही हैं। बैंकों पर भी किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी का बयान तक दर्ज नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहबेरी के टॉप 30 बिल्डरों पर रासुका लगाने का निर्देश दिया था। पर अब तक उस पर अमल नहीं हुआ है। खरीदारों को न शासन-प्रशासन से कोई मदद नहीं मिल रही है।

न्यायालय ने दिया है मुकदमा दर्ज करने का आदेश : न्यायालय के आदेश पर कृष्णा नगर, दिल्ली के बिल्डर विक्रम कथूरिया ने जमीनों के मालिक रजापुर गाजियाबाद निवासी रामवीर, सुरेश, जीत सिंह और जगदीश के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं मुकदमा दर्ज कराया है। 

इसके अलावा बिल्डर ने शाहबेरी के फ्रेंड्स एनक्लेव में रहने वाले जीवन, गाजियाबाद के खोड़ा स्थित नेहरू गार्डन बृजवासी निवासी मुकेश तिवारी, मयूर विहार फेस-3 दिल्ली निवासी आशू यादव, फ्रेंड्स एनक्लेव शाहबेरी निवासी जगदीश चंद्र और अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके बाद से शाहबेरी में रहने वाले लोगों में बिल्डरों के साथ-साथ पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भी बहुत गुस्सा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.