ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीईओ सुरेंद्र सिंह ने दी बड़ी सौगात, प्राधिकरण को होगा गजब का फायदा

खुशखबरी : ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीईओ सुरेंद्र सिंह ने दी बड़ी सौगात, प्राधिकरण को होगा गजब का फायदा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीईओ सुरेंद्र सिंह ने दी बड़ी सौगात, प्राधिकरण को होगा गजब का फायदा

Tricity Today | CEO Surendra Singh

Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ सुरेंद्र सिंह ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट वासियों को बड़ी सौगात दी है। ग्रेटर नोएडा के मौजूदा बस शेल्टरों को विकसित करने के साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 25 नए बस शेल्टर बनाए जाएंगे। प्राधिकरण के सीईओ सुरेन्द्र सिंह ने इस पर मंजूरी दे दी है। ये बस शेल्टर भी ग्रेटर नोएडा के बस शेल्टरों की तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। प्राधिकरण और कंसल्टेंट एजेंसी ई एंड वाई इन लोकेशनों की जगह चिंहित करने में जुटी है। ये बस शेल्टर भी बीओटी के आधार पर विकसित किए जाएंगे।

ग्रेटर नोएडा के इन 5 रूटों पर चल रहीं बसें
प्राधिकरण और रोडवेज की संयुक्त पहल से बीते 6 जनवरी से ग्रेटर नोएडा के 5 रूटों पर स्थानीय बस सेवा शुरू हुई है। पहला रूट कासना बस डिपो से ननुआ का राजपुर तक वाया सिरसा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का दफ्तर, तिलपता चौक, सूरजपुर, एलजी चौक और परी चौक है। इस रूट की पहली बस सुबह 6:15 बजे से चलती है। इसके बाद 9:45 बजे और फिर 01:15 बजे चलती है। दूसरा रूट ग्रेटर नोएडा डिपो से ननवा का राजपुर वाया सिरसा, ग्रेटर  नोएडा प्राधिकरण का दफ्तर, तिलपता चौक, किसान चौक, सूरजपुर, एलजी चौक और परी चौक है। इस रूट की पहली बस डिपो से 6:30 बजे चलती है। इसके बाद 10:45 बजे चलती है।

इन रूटों पर भी चल रही बसें
तीसरा रूट कासना बस डिपो से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व जगत फार्म होते हुए ग्रेटर नोएडा डिपो तक है। इस रूट की पहली बस डिपो से 8:30 बजे, 9:45 बजे, 11:00 बजे, 12:15 बजे, 01:30 बजे, 02:45 बजे, 4:00 बजे, 05:15 बजे चलती है। चौथा रूट ग्रेटर नोएडा डिपो से वाया घरबरा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण होते हुए ग्रेटर नोएडा डिपो तक है। इस रूट पर डिपो से पहली बस सुबह 7:00 बजे, 9:15 बजे, 11:30 बजे, 13:45 बजे और फिर 16:00 बजे चलती है। पांचवां रूट ग्रेटर नोएडा से हिंडन ब्रिज व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण होते हुए वापस ग्रेटर नोएडा डिपो तक है। इस रूट की पहली बस सुबह 7:45 बजे और फिर 11:45 बजे चलती है। स्थानीय बस सेवा में शीघ्र ही कुछ और बसें भी शामिल किए जाने की तैयारी है।

सुरेंद्र सिंह का बयान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ व मंडलायुक्त मेरठ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के सभी बस शेल्टरों के सौंदर्यीकरण की योजना पर काम चल रहा है। सभी बस शेल्टरों पर डिस्प्ले सेंटर, मोबाइल और टू व्हीलर चार्जिंग सेंटर, क्योस्क, शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 25 नए आधुनिक बस शेल्टर भी बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर शीघ्र काम शुरू करने और एक साल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.