गीता पंडित ने जीती दादरी की तीसरी जंग, अयूब मलिक ने भी लगाई हैट्रिक

गौतमबुद्ध नगर निकाय चुनाव : गीता पंडित ने जीती दादरी की तीसरी जंग, अयूब मलिक ने भी लगाई हैट्रिक

गीता पंडित ने जीती दादरी की तीसरी जंग, अयूब मलिक ने भी लगाई हैट्रिक

Tricity Today | गीता पंडित ने जीती दादरी की तीसरी जंग

Greater Noida News : गौतमबुद्ध नगर की एकमात्र दादरी नगर पालिका के लिए भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) की प्रत्याशी गीता पंडित ने कामयाबी हासिल कर ली है। गीता पंडित लगातार तीसरी बार नगर पालिका अध्यक्ष चुनी गई हैं। इस बार शुरुआती दौर में उन्हें संकट का सामना करना पड़ा, जब उनके खिलाफ बागी होकर भाजपा के सबसे पुराने नेता जगभूषण गर्ग मैदान में आ डटे। उन्होंने निर्दलीय पर्चा दाखिल कर दिया था। सांसद, विधायक, भाजपा के क्षेत्रीय और प्रदेश अध्यक्ष तक जगभूषण गर्ग को मनाने में असफल रहे। आखिर में खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुलाकात करनी पड़ी। वहीं, दूसरी ओर लगातार तीसरे चुनाव में गीता पंडित ने अयूब मलिक को पराजित किया है। लिहाजा, अयूब मलिक ने भी हार की हैट्रिक लगाई है। पिछले दो चुनाव अयूब मलिक ने बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) के टिकट पर लड़े थे। इस बार वह बसपा छोड़कर समाजवादी (Samajwadi Party) पार्टी में दाखिल हो गए थे। इस बदलाव के बावजूद उन्हें जीत मयस्सर नहीं हुई। दूसरी ओर भाजपा ने जीत का फासला और बढ़ाया है।

गीता ने 5,756 वोट से तीसरी जीत दर्ज की
दादरी नगर पालिका चुनाव के रिटर्निंग अफसर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मतगणना 5 चक्रों में करवाई गई। जिसमें भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार गीता पंडित को 22,240 वोट मिली हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अयूब मलिक को 16,484 वोट मिली हैं। इस तरह गीता पंडित ने 5,756 वोटों से जीत हासिल कर ली है। बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रविंद्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे हैं। उन्हें 3,953 वोट मिले हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक कुमार शर्मा को 1,147 वोट मिले हैं और वह चौथे स्थान पर रहे हैं। आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रीता को केवल 293 वोट मिले हैं। निर्दलीय उम्मीदवार कालूराम को 1,021 वोट मिले हैं।

गीता की जीत का अंतर बढ़ा
पिछले यानी साल 2017 के नगर निकाय चुनावों में गीता पंडित ने महज 2,181 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। गीता पंडित के सामने अयूब मलिक ने चुनाव लड़ा था। अयूब को 16,637 मत मिले थे, जबकि गीता पंडित को 18,818 वोट मिले थे। गीता पंडित ने दादरी नगर पालिका के लिए पहला चुनाव वर्ष 2012 में लड़ा था। उस चुनाव में भी गीता पंडित ने अयूब मालिक को ही पराजित किया था। तब गीता ने 1,062 वोटों से चुनाव जीता था। गीता को 8,817 और अयूब मलिक को 7,755 वोट मिले थे। कुल मिलाकर अयूब मालिक के लिए परिस्थितियों में कोई बदलाव नहीं आया है। गीता की जीत का अंतर बढ़ गया है।

शुरू से आखिर तक गीता पंडित आगे रहीं
भाजपा की गीता पंडित ने शुरू से आखिर तक बढ़त बनाकर रखी। सभी पांचों चक्रों में गीता की लीड बढ़ती गई। पहले चक्र में भाजपा प्रत्याशी को 6,023 और सपा प्रत्याशी अयूब मलिक को 4,751 वोट मिले। इस तरह भाजपा प्रत्याशी की 1,272 मतों की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे चक्र की गिनती के बाद गीता पंडित 12,573 के आंकड़े पर पहुँच गईं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अयूब मलिक अब तक 8,225 वोट हासिल कर सके। इस तरह गीता की बढ़त बढ़कर 4,348 हो गई। तीन चक्रों की गिनती पूरी होने तक भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार को 18,131 वोट मिल चुके थे। अयूब मालिक को 13,870 वोट मिले थे। इस तरह गीता पंडित 4,261 मतों से आगे चली गयी थीं। कुल मिलाकर पांचवें चरण तक गीता के पक्ष में 22,240 वोट मिल गए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी अयूब मलिक को 16,484 वोट मिले। इस तरह गीता की झोली में तीसरी बार दादरी नगर पालिका अध्यक्ष का पद चला गया है।

ये 12 उम्मीदवार लड़ रहे थे दादरी नगर पालिका से चुनाव
अयूब मलिक : समाजवादी पार्टी 
अशोक कुमार शर्मा : कांग्रेस 
आजाद मलिक : राष्ट्रीय लोक दल 
गीता पंडित : भारतीय जनता पार्टी 
रविंद्र सिंह : बहुजन समाज पार्टी 
रीता : आम आदमी पार्टी 
साबुद्दीन : सुलहदेव भारतीय समाज पार्टी
कालूराम : निर्दलीय 
कैलाश कुमार : निर्दलीय
जगभूषण : निर्दलीय
राजूदेव सागर : निर्दलीय 
रिजवाना : निर्दलीय

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.