वेस्ट यूपी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया को क्षत्रिय विकास सभा ने दी बधाई, कहा- हमें आप पर गर्व

Greater Noida West : वेस्ट यूपी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया को क्षत्रिय विकास सभा ने दी बधाई, कहा- हमें आप पर गर्व

वेस्ट यूपी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया को क्षत्रिय विकास सभा ने दी बधाई, कहा- हमें आप पर गर्व

Tricity Today | Satendra Sisodia

Greater Noida West : पश्चिम उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया को क्षत्रिय विकास सभा ने बधाई दी है। छत्रिय विकास सभा के अध्यक्ष केपी सिसोदिया ने बताया कि यह राजपूत समाज के लिए काफी गर्व की बात है। उनके आने से भारतीय जनता पार्टी और भी ज्यादा मजबूत होगी।

सतेंद्र सिसोदिया एक अनुभवी वरिष्ठ नेता : केपी सिसोदिया
केपी सिसोदिया का कहना है कि सतेंद्र सिसोदिया एक अनुभवी वरिष्ठ नेता है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के दौरान अपनी क्षमता और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया है। उनका कहना है कि सतेंद्र सिसोदिया सभी समाज के बारे में भला सोचते हैं। 

गौतमबुद्ध नगर के क्षत्रिय समाज को उन पर गर्व : सुनील राजपूत
छत्रिय विकास सभा के महासचिव सुनील राजपूत का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर के क्षत्रिय समाज को उन पर गर्व है। उनको पूरा विश्वास है कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और भी ज्यादा मजबूत होगी। इसके अलावा आम लोगों के लिए भारतीय जनता पार्टी और भी ज्यादा मजबूत तरीके से काम करेगी। 

साल 1990 में एबीवीपी में सक्रिय हुए
सतेंद्र सिसोदिया ने राजनीतिक सफर की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। वह वर्ष 1990 में विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए। करीब 3 साल बाद 1993 में युवा मोर्चा में जगह मिली। उस वक्त जिला गाजियाबाद था। उन्हें युवा मोर्चा में दादरी मंडल का अध्यक्ष बनाया गया। करीब 9 साल बाद साल 2002 में भाजपा में आए। तब तक गौतमबुद्ध नगर जिला बन चुका था और उन्हें जिला मंत्री का दायित्व मिला। फिर 2004 में दोबारा जिला मंत्री बनाए गए। वर्ष 2007 में गौतमबुद्ध नगर भाजपा के महामंत्री रहे। वर्ष 2010 में जिलाध्यक्ष बन गए। यह वह दौर था, जब भारतीय जनता पार्टी विपक्ष में थी और बहुत बुरे दौर से गुजर रही थी।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन में जगह हासिल की
सतेंद्र सिसोदिया गौतमबुद्ध नगर से आगे बढ़कर वेस्ट यूपी की राजनीति में पहुंचे। साल 2013 में क्षेत्रीय मंत्री, 2015 में महामंत्री और 2018 में उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए। इसके बाद पिछले करीब 4 वर्ष सतेंद्र सिसोदिया के बुरे गुजरे हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के मुख्य संगठन से बाहर हो गए। किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बतौर सदस्य जगह मिली। पार्टी के साथ सक्रिय रहने के लिए भाजपा के मुजफ्फरनगर जिले के प्रभारी बन गए और नियमित रूप से संगठन का काम करते रहे। उनके धैर्य का प्रतिफल सामने आया है। शनिवार को पार्टी ने उन्हें वेस्ट यूपी जैसे बेहद महत्वपूर्ण इलाके में क्षेत्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी है।

गुटबंदी से दूर और बेहद मृदुभाषी
भारतीय जनता पार्टी के संगठन में सतेंद्र सिसोदिया की पहचान बेहद कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में रही है। खास बात यह है कि वह नेताओं के बीच गुटबंदी से हमेशा दूरी बनाकर रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर के सीमावर्ती इलाके साठा-चौरासी के निवासी हैं। यह पूरा इलाका राजपूत बाहुल्य है। हापुड़ और गाजियाबाद बॉर्डर के पास प्यावली गांव के मूल निवासी हैं। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी जैसे दिग्गज नेताओं से सतेंद्र सिसोदिया की नजदीकी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.