जितना बड़ा शहर नहीं, उससे कई गुना बड़ा समस्याओं का पहाड़, लिफ्ट खराब और छत गिरना हुई आम बात

ग्रेटर नोएडा वेस्ट : जितना बड़ा शहर नहीं, उससे कई गुना बड़ा समस्याओं का पहाड़, लिफ्ट खराब और छत गिरना हुई आम बात

जितना बड़ा शहर नहीं, उससे कई गुना बड़ा समस्याओं का पहाड़, लिफ्ट खराब और छत गिरना हुई आम बात

Tricity Today | ग्रेटर नोएडा वेस्ट

Greater Noida West News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित पंचशील ग्रीन-1 हाउसिंग सोसायटी में मंगलवार की देर शाम को एक टावर की दोनों लिफ्ट खराब हो गई। जिसके बाद टावर के फ्लैट में रहने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जो लोग नीचे थे, वह ऊपर नहीं जा पा रहे हैं और जो लोगों पर थे, वह नीचे नहीं आ पा रहे हैं। निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पंचशील ग्रीन में लिफ्ट खराब
पंचशील ग्रीन-1 हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले मयंक प्रताप का कहना है कि बुधवार की देर शाम को B3 टावर की दोनों लिफ्ट खराब हो गई। जिसकी वजह से लोग परेशान हो गए हैं, वह अब ऊपर अपने फ्लैट में जाना चाहते हैं, लेकिन दोनों लिफ्ट खराब होने के कारण उनको अपने फ्लैट तक पहुंचने में समस्या हो रही है। मयंक प्रताप का कहना है कि वह इस परेशानी से जूझने वाले अकेले नहीं है। उनके अलावा काफी लोग इस परेशानी से जूझ रहे हैं। यह कोई आज की नई बात नहीं है। इससे पहले भी काफी बार सोसाइटी के अलग-अलग टावर में ऐसी घटना हो चुकी है। 

ऐसी समस्याएं तो अब आम बात
इस मामले के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले अन्य निवासी भी अपनी समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी बात लिख रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी 4 एवेन्यू निवासी विवेक रमन का कहना है कि सभी सोसाइटी का यही हाल है। बिल्डर ने फ्लैट के पूरे पैसे तो ले लिए, लेकिन अभी तक निवासियों को उनका मालिकाना हक भी नहीं मिला है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी चुप्पी साधे बैठे हैं। अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इतनी सोसाइटी भी नहीं है, जितनी समस्या खड़ी हो गई है। आए दिन कोई ना कोई दिक्कत होती रहती है।

36 घंटे नहीं था सोसाइटी में पानी
ला रेजिडेंशिया हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले सुमिल जलोटा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दिक्कत एक हो तो कोई बताएं, लेकिन दिक्कत इतनी है कि लोग लड़ते-लड़ते ही मर जाएंगे। कुछ दिनों पहले उनकी सोसाइटी में पानी की समस्या हुई थी। 3 दिनों तक सोसाइटी में पानी नहीं था, प्राधिकरण, दादरी विधायक और बसपा प्रत्याशी द्वारा पानी का बंदोबस्त करवाया गया था। यह हाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट का है। 

अपने घर में किराएदार बने निवासी
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लाखों की आबादी हैं। इनमें से हजारों लोगों ने अपने घर के पूरे पैसे दे दिए, उसके बावजूद भी अपने ही मकान में किराएदार के रूप में रह रहे हैं। सैकड़ों बार अफसरों के पास न्याय की गुहार लगाने हम पहुंचे, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जनता आखिर कहां जाएं। 

अभी बार वोट नहीं
नेफोवा महासचिव श्वेता भारती का कहना है कि चुनाव नजदीक आ रहे है। अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जनप्रतिनिधियों का आना-जाना लगा रहेंगे, लेकिन इस बार शहर की जनता किसी के बहकाने में नहीं आएगी, जो हमको हमारा हक दिलवाएंगे, उसी को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जनता वोट देगी। इस बार चुनाव से पहले अगर शहर की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी को शहर की जनता वोट नहीं करेगी। 

छत टूटने से हुए कई हादसे
अरिहंत आर्डेन सोसाइटी निवासी भारती जायसवाल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अधिकतर सोसाइटी में छत टूटना आम बात हो गई है। काफी बार बड़ा हादसा होने से बचा और काफी बार बड़ा हादसा हुआ भी है। पुलिस और अधिकारी आते है, लेकिन मामला शांत हो जाता है। काफी बार सोसाइटी के बिल्डर पर मुकदमा भी दर्ज हो जाता है, लेकिन कार्रवाई शून्य बटा शून्य।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.