ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नक्सली जोड़ा गिरफ्तार, गौतमबुद्ध नगर और बिहार पुलिस ने किया ज्वाइंट ऑपरेशन

BIG BREAKING : ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नक्सली जोड़ा गिरफ्तार, गौतमबुद्ध नगर और बिहार पुलिस ने किया ज्वाइंट ऑपरेशन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नक्सली जोड़ा गिरफ्तार, गौतमबुद्ध नगर और बिहार पुलिस ने किया ज्वाइंट ऑपरेशन

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

Greater Noida West : गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा वेस्ट से देर रात बड़ी जानकारी सामने आ रही है। बिहार पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस के साथ वेस्ट में छापामारी करके एक नक्सली जोड़े को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक बिहार में इस नक्सली जोड़े पर ₹50,000 का इनाम घोषित है। वहां से पलायन करने के बाद दोनों काफी दिनों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रह रहे थे। बिहार पुलिस ने सर्विलांस के जरिए इनकी लोकेशन का पता किया और शनिवार की देर शाम इनकी गिरफ्तारी की गई है। अभी गौतमबुद्ध नगर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर और बिहार पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में यह कामयाबी हासिल की है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट से हुई इनकी गिरफ्तारी
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को बिहार स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एक विशेष टीम ग्रेटर नोएडा पहुंची। एसटीएफ ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस की मदद से कुख्यात नक्सली एरिया कमांडर वीडियो कोड़ा उर्फ कारेलाल कोड़ा और उसकी सहयोगी महिला नक्सली पाली को गिरफ्तार किया है। नक्सली एरिया कमांडर कारेलाल कोड़ा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। कारेलाल मुंगेर जिले के लड़ैयाटाड़ थाने के पैसरा गांव का निवासी है। उसकी महिला नक्सली साथी लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र में बरमसिया गांव की रहने वाली है। दोनों को गिरफ्तार करके बिहार एसटीएफ अपने साथ ले गई है।

बिहार से नक्सल कमांडर की बेटी को लेकर भाग आया कारेलाल
26 अक्टूबर 2020 को नक्सली डॉक्टर उर्फ सोरेन कोड़ा ने बिहार में सरेंडर किया था। ग्रेटर नोएडा वेस्ट गिरफ्तार वीडियो कोड़ा उर्फ कारेलाल कोड़ा नक्सली डॉक्टर उर्फ सोरेन कोड़ा का बेटा है। कारेलाल अपने नक्सली कमांडर बालेश्वर कोड़ा की बेटी से प्यार करता था। 2020 में कारेलाल अपनी प्रेमिका को लेकर फरार हो गया। जब दोनों कुछ दिन बाद घर लौटे तो संगठन के सामने कारेलाल की पिटाई की गई थी। इससे उसका पिता डॉक्टर उर्फ सोरेन कोड़ा बहुत आहत हुआ था। इसी बात को लेकर डॉक्टर उर्फ सोरेन कोड़ा और बालेश्वर के बीच विवाद हो गया था। बालेश्वर, सोरेन, उसके बेटे कारेलाल और परिवार की हत्या करना चाहता था। इसी वजह से सोरेन ने जमुई के एसपी के सामने 2020 में सरेंडर किया था। दूसरी तरफ कारेलाल अपनी प्रेमिका के साथ एक बार फिर फरार हो गया और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आकर रह रहा था।

कारेलाल को 2018 में पुलिस ने किया था गिरफ्तार
नक्सली एरिया कमांडर कारेलाल कोड़ा का इतिहास बड़ा पुराना है। बिहार के नक्सल प्रभावित लखीसराय जिले के चानन थाना क्षेत्र में पुलिस ने उसको 2018 में गिरफ्तार किया था। वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का खूंखार नक्सली है। बिहार पुलिस के रिकॉर्ड में उसके कई नाम हैं। कारेलाल कोड़ा उर्फ प्यारेलाल कोड़ा उर्फ वीडियो कोड़ा के नाम से उसे नक्सली और पुलिस जानते हैं। इस पर लखीसरासय और जमुई जिले के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन नक्सली मामले दर्ज हैं। चानन के तत्कालीन थाना प्रभारी वैभव कुमार ने बताया कि पुलिस ने खूंखार नक्सली कारेलाल को 2018 में मननपुर बाजार में स्थित बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा से गिरफ्तार किया था। कोड़ा पर चानन, कजरा और पीरी बाजार थानों के अलावा पड़ोसी जिला जमुई और मुंगेर में दर्जनों मुकदमे चल रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.