फ्लाईओवर दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज जैसा होगा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक ट्रैफिक होगा सिग्नल फ्री, देखें डिजाइन

नोएडा पर्थला गोल चक्कर : फ्लाईओवर दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज जैसा होगा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक ट्रैफिक होगा सिग्नल फ्री, देखें डिजाइन

फ्लाईओवर दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज जैसा होगा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक ट्रैफिक होगा सिग्नल फ्री, देखें डिजाइन

Tricity Today | नोएडा पर्थला गोल चक्कर

नोएडा शहर और खासतौर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए बड़ी खबर है। नोएडा के सेक्टर-122 में पृथला गोल चक्कर पर प्रस्तावित फ्लाईओवर प्रोजेक्ट का काम शुरू हो गया है। शुक्रवार को नोएडा विकास प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए कार्यदाई एजेंसी का चयन कर लिया है। पृथला गोल चक्कर पर फ्लाईओवर बन जाने से नोएडा में सिटी सेंटर से लेकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर सिटी चौराहे तक ट्रैफिक सिग्नल फ्री हो जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि यह फ्लाईओवर बेहद खूबसूरत होगा। देखने में दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज जैसा नजर आएगा।

नोएडा के महाप्रबंधक (परियोजना) राजीव त्यागी ने बताया कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने एमपी-3 मार्ग पर ट्रैफिक को और बेहतर बनाने का आदेश दिया था। जिसके तहत पृथला गोल चक्कर पर फ्लाईओवर बनाने का फैसला लिया गया। यह फ्लाईओवर 697 मीटर लंबा होगा। शुक्रवार को इस परियोजना की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने समीक्षा की है। सीईओ को बताया गया कि परियोजना पर काम करने के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है। यह प्रोजेक्ट मंगलम बिल्डकॉन लिमिटेड नाम की कंपनी को सौंपा गया है। फ्लाईओवर का निर्माण करने के लिए 80.53 करोड़ रुपए का खर्च किया जाएगा। इस फ्लाईओवर का निर्माण होने के बाद नोएडा शहर के आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों के अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा।
  • फ्लाईओवर 6 लेन का और 697 मीटर लंबा होगा : राजीव त्यागी ने बताया कि यह फ्लाईओवर छह लेन का बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 697 मीटर होगी। इस फ्लाईओवर के निर्माण से नोएडा में सेक्टर 51, 52, 61, 70, 71, 72, 73, 74, 75, 76, 77, 78, 79, 121 और 122 के निवासियों को यातायात में काफी सुगमता होगी। इसके अलावा दिल्ली सरिता विहार से गाजियाबाद, हापुड़, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने के लिए सिग्नल फ्री यातायात मिलेगा।
  • महज 365 दिन में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया : राजीव त्यागी ने बताया कि फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को केवल 365 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रोजेक्ट पर जल्दी से जल्दी काम करने का आदेश मुख्य कार्यपालक अधिकारी को महेश्वरी ने दिया है। हम लोगों ने दिसंबर 2021 तक परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। विकास प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को इस फ्लाईओवर का डिजाइन पेश किया गया है। यह बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है। देखने में दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज जैसा लगता है। बड़ी बात यह है कि इस डिजाइन पर पहली बार गौतमबुद्ध नगर में किसी फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।
  • सेक्टर-71 अंडरपास का निर्माण पूरा होने वाला है : इस फ्लाईओवर से नोएडा की तरफ थोड़ा आगे सेक्टर-71 चौराहे पर अंडरपास का निर्माण चल रहा है। यह काम लगभग पूरा हो चुका है। जल्दी ही ट्रैफिक के लिए अंडरपास को खोल दिया जाएगा। यह अंडरपास शुरू होने के बाद सिटी सेंटर से लेकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर सिटी तक ट्रैफिक पूरी तरह सिग्नल फ्री हो जाएगा। अभी लोगों को इस रास्ते पर पीक आवर्स में आवागमन करने के लिए ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। सेक्टर-71 चौराहे पर अंडरपास बनने से हालात और बेहतर होंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.