पंचशील बिल्डर ने निवासियों को आखिरी चेतावनी दी, एओए ने बिसरख पुलिस में की शिकायत, जानें पूरा मामला

ग्रेटर नोएडा वेस्ट : पंचशील बिल्डर ने निवासियों को आखिरी चेतावनी दी, एओए ने बिसरख पुलिस में की शिकायत, जानें पूरा मामला

पंचशील बिल्डर ने निवासियों को आखिरी चेतावनी दी, एओए ने बिसरख पुलिस में की शिकायत, जानें पूरा मामला

Tricity Today | पंचशील बिल्डर ने निवासियों को आखिरी चेतावनी दी

Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित पंचशील ग्रीन्स -1 के निवासियों और बिल्डर के बीच विवाद गहराता जा रहा है। बिल्डर ने निवासियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर बकाया मेंटेनेंस चार्ज का भुगतान 25 अक्टूबर तक नहीं किया, तो मिलने वाली सेवाएं रोक दी जाएंगी। इससे नाराज निवासियों ने बिसरख कोतवाली पुलिस को शिकायत दी है। इसमें पंचशील ग्रीन्स 1 एओए बिल्डर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

25 अक्टूबर तक जमा करें बकाया
दरअसल पंचशील ग्रीन्स 1 का मेंटेनेंस देखने वाली एलाइड इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने सोसायटी के गेट पर एक बड़ा पोस्टर लगाया है। इसमें लिखा गया है कि यह निवासियों के लिए आखिरी रिमाइंडर है। सभी से 25 अक्टूबर तक बकाए मेंटेनेंस चार्ज के भुगतान के लिए कहा गया है। कंपनी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर निर्धारित समय तक भुगतान नहीं किया गया, तो निवासियों को मिलने वाली मेंटेनेंस की सेवाएं रोक दी जाएंगी। सभी खरीदारों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर बकाए की जानकारी दे दी गई है।

पुलिस को दी शिकायत
इस पोस्टर के बाद से ही निवासी गुस्से में हैं। उनका कहना है कि बिल्डर की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। जबकि प्रशासन इस पर नकेल कसने में असफल है। पंचशील ग्रीन्स 1 एओए ने बिसरख थाने में इसकी शिकायत दी है। एओए के महासचिव महेश चंद्रा ने एसएचओ अनीता चौहान को शिकायत देते हुए बिल्डर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

एओए को हैंडओवर करे
उन्होंने कहा कि बिल्डर की मेंटेनेंस कंपनी एलाइड इंफ्राटेक निम्न स्तरीय सेवाएं दे रही हैं। यूपी अपार्टमेंट एक्ट का पालन करते हुए वर्तमान एओए ने इस संबंध में बिल्डर से कई बार आग्रह किया है। उसे कहा गया है कि निवासियों की इच्छा के मुताबिक अब सोसाइटी का मेंटेनेंस एओए को सौंप दिया जाए। मगर बिल्डर ने अब तक इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया है। जबरन निवासियों से वसूली कर रहा है।

कुछ के बहाने सभी को प्रताड़ित कर रहा
उन्होंने आगे कहा है, कुछ निवासियों का मेंटेनेंस चार्ज इसी विवाद के चलते लंबित है। इन लोगों का बहाना बनाकर मेंटेनेंस कंपनी पूरी सोसाइटी की मेंटेनेंस सुविधा 25 अक्टूबर से बंद करने का नोटिस लगा चुकी है। ऐसा करने से उन सभी निवासियों को भी दिक्कतें आएंगी, जिन्होंने समय पर अपना भुगतान कर दिया है। पंचशील बिल्डर ने पिछले 1 साल में कभी भी बातचीत कर मेंटेनेंस सर्विस सुधारने का प्रयास नहीं किया।

1800 परिवार परेशान हैं
अब इस तरह के पोस्टर  लगाकर निवासियों को आतंकित किया जा रहा है। अगर बिल्डर मेंटेनेंस सर्विस देने में सक्षम नहीं है, तो वह इसका हैंडोवर एओए को क्यों नहीं कर रहा। साथ ही बकाए की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत बिल्डर उन लोगों पर कार्रवाई करे, जिन्होंने भुगतान नहीं किया है। उनकी आड़ में 1800 परिवारों को प्रताड़ित करने का कोई औचित्य नहीं है।

अप्रिय हुआ तो बिल्डर जिम्मेदार होगा
कोरोना वायरस से उबर कर निवासी त्योहारों को उत्साह से मनाना चाहते हैं। लेकिन बिल्डर की इस तरह की मनमानी से सब गुस्से में है। आगामी दिनों में अगर कोई अप्रिय स्थिति पैदा होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी बिल्डर की होगी। अगर पंचशील बिल्डर मेंटेनेंस सर्विस बंद करना चाहता है, तो वह वैध तरीके से इसका हैंडओवर एओए को कर सकता है। मगर बिल्डर ऐसा ना कर अवैध तरीके से निवासियों को प्रताड़ित कर पैसा कमाने की फिराक में है। निवासी पुलिस अधिकारियों की मध्यस्थता में बिल्डर के साथ चर्चा को तैयार हैं। इस मामले पर संज्ञान लें।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.