पंचशील हायनिश में छत से गिरा प्लास्टर, बाल-बला बचा मासूम, निवासियों ने जताया रोष  

ग्रेटर नोएडा वेस्ट : पंचशील हायनिश में छत से गिरा प्लास्टर, बाल-बला बचा मासूम, निवासियों ने जताया रोष  

पंचशील हायनिश में छत से गिरा प्लास्टर, बाल-बला बचा मासूम, निवासियों ने जताया रोष  

Social Media | पंचशील हाइनिश

Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित पंचशील हाइनिश में एक बार फिर सीलिंग गिरने की घटना सामने आई है। बीती रात टावर 6 में एक बच्चा, माता-पिता के साथ सो रहा था। उसी दौरान छत से सीलिंग का बड़ा टुकड़ा गिरा। पूरा परिवार इस घटना के बाद सदमे में है। बड़ी बात यह है कि इसी फ्लैट में 3 महीने पहले भी सिलिंग गिरी थी। अब एक बार फिर प्लास्टर गिरने से निवासी गुस्से में है और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ अपना रोष जाहिर कर रहे हैं। 

उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक बिल्डर पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। घटना पंचशील हाइनिश के टावर 6 की है। शुक्रवार को इस टावर में रात करीब 1:00 बजे एक परिवार बच्चे के साथ फ्लैट में सो रहा था। इसी दौरान छत से बड़ा टुकड़ा उनके बेड पर गिरा। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। परिवार ने इसकी शिकायत फ्लैट ऑनर से की। उन्होंने बताया कि बिल्डर मेंटेनेंस को ईमेल के जरिए सीलिंग गिरने की घटना बताई गई है।

उन्होंने बताया कि बीते अगस्त में भी इसी फ्लैट में सीलिंग का बड़ा हिस्सा गिरा था। उस वक्त भी लोग बाल-बाल बचे थे। विरोध जताने पर बिल्डर ने कुछ काम कराया था। लेकिन वह सिर्फ खानापूर्ति थी। अब एक बार फिर 3 महीने बाद वैसा हादसा हुआ है। बिल्डर को इसकी जानकारी दी गई है। लेकिन यह समस्या हर टावर, हर फ्लैट की है। पंचशील बिल्डर ने इमारत को बनाने में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया है। इस वजह से हजारों लोगों की जान खतरे में रहती है।

सोशल मीडिया पर भी निवासी इस घटना पर विरोध जता रहे हैं। उनका कहना है कि बिल्डर नेता बन गया और सरकार में शामिल है। इस वजह से कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं। निवासियों का कहना है कि एक बार फिर से छत का प्लास्टर गिरा। लेकिन भगवान की कृपा से फ़्लैट में रहने वाले सभी सुरक्षित हैं। 3 महीने पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। ये अधिकारी और बिल्डर कब तक लोगों के ज़िन्दगी के साथ खिलवाड़ करते रहेंगे?

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.