ग्राम विकास अधिकारी के साथ लूट, विरोध करने पर चाकू मारा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ी वारदात : ग्राम विकास अधिकारी के साथ लूट, विरोध करने पर चाकू मारा

ग्राम विकास अधिकारी के साथ लूट, विरोध करने पर चाकू मारा

Tricity Today | Symbolic Photo

Greater Noida West : गौतमबुद्ध नगर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते हुए दिख रहे हैं। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट का है। जहां पर ग्राम विकास अधिकारी से लूट की वारदात हुई। आरोपियों ने वारदात का अंजाम देते हुए 12 हजार रुपए कैश और एटीएम कार्ड लूट लिया। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों ने ग्राम विकास अधिकारी को बहुत बुरी तरीके से पीटा। इस घटना में अधिकारी बहुत गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित यथार्थ अस्पताल में चल रहा है।

कैसे और कब दिया वारदात को अंजाम
जनपद बलिया में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात गिरीश कुमार पांडे ने बताया कि उन्होंने28 दिसंबर की रात को अपने मित्र अनूप कुमार उपाध्याय के साथ सेक्टर-18 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पाल ओलंपिया सोसाइटी में जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा बुक किया। उस ऑटो रिक्शा में ऑटो चालक के अलावा एक अन्य व्यक्ति बैठा था। उन्होंने बताया कि पीड़ित और उनके मित्र दोनों ऑटो में सवार होकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट पहुंचे। उनके मित्र अपनी सोसाइटी के पास उतर गए। उसके बाद वह ऑटो में सवार होकर अपनी सोसाइटी के लिए निकले। पीड़ित के ऑटो चालक ने रास्ता बदल दिया और वह चार मूर्ति की तरफ चल दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो ऑटो चालक और उसके साथी ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन, एटीएम और उनके पास रखी 12 हजार रुपए नगद आदि लूट ली। 

ग्राम विकास अधिकारी ने दिखाई हिम्मत
बदमाश उनके मोबाइल से गूगल-पे के सहारे अपने खाते में रकम ट्रांसफर करवाना चाह रहे थे। वह उनसे मोबाइल का पासवर्ड और गूगल पे में ट्रांसफर करने के लिए कोड आदि पूछ रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी हिम्मत से काम लिया और वह बदमाशों से भिड़ गए। उनके विरोध को देखकर बदमाश डर गए और उन्हें घायल कर उनके पास रखी नगदी और एटीएम कार्ड लूटकर ले गए। लेकिन उनके मोबाइल फोन को छोड़कर मौके से भाग गए। पीड़ित के अनुसार वह ग्रेटर नोएडा में रहने वाले अपने भांजे के घर पर आए थे, उनका बेटा नोएडा के जेएसएस कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।

पुलिस का बयान
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि इस घटना मे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.