जेवर और ग्रेटर नोएडा के लिए भाजपा के 3 बड़े ऐलान, योगी और शाह ने जारी किया मेनीफेस्टो

BIG BREAKING : जेवर और ग्रेटर नोएडा के लिए भाजपा के 3 बड़े ऐलान, योगी और शाह ने जारी किया मेनीफेस्टो

जेवर और ग्रेटर नोएडा के लिए भाजपा के 3 बड़े ऐलान, योगी और शाह ने जारी किया मेनीफेस्टो

Tricity Today | घोषणा पत्र

Lucknow : उत्तर प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) के लिए मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने मेनिफेस्टो जारी किया है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में गौतमबुद्ध नगर के लिए तीन बड़ी घोषणाएं की हैं। जिनमें 2 घोषणाएं जेवर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी हैं और एक घोषणा दादरी विधानसभा क्षेत्र के लिए है। भाजपा ने अगले 5 वर्षों के लिए गौतमबुद्ध नगर की जनता से 3 बड़े वादे किए हैं।

1. जेवर में बनेगा एविएशन इनोवेशन एन्ड रिसर्च सेंटर
लखनऊ में घोषणा पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया, "हम अगले 5 वर्षों के दौरान जेवर में एविएशन इनोवेशन एंड रिसर्च सेंटर बनाएंगे। आप लोगों को मालूम है कि जेवर में एशिया का दूसरा सबसे बड़ा और दुनिया का चौथा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाया जा रहा है। इस हवाईअड्डे के नजदीक हवाई जहाजों की मरम्मत का बड़ा केंद्र विकसित होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने जेवर में एविएशन इनोवेशन एंड रिसर्च सेंटर विकसित करने का निर्णय लिया है। जिससे नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं को स्वरोजगार, नौकरियों, शोध और अध्ययन के बड़े अवसर मिलेंगे। यह अपने आप में देश का पहला केंद्र बनाया जाएगा।" मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के जरिए बड़ा निवेश भी राज्य को मिलेगा।

2. जेवर में 10 हजार करोड़ रुपये से ग्रैंड फ़िल्म सिटी बनेगी
गौतमबुद्ध नगर और खासकर जेवर इलाके के हिस्से में एक और बड़ी परियोजना आई है। योगी आदित्यनाथ ने बताया जेवर में यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे ग्रैंड फिल्म सिटी का निर्माण किया जा रहा है। अगले 5 वर्षों के दौरान इस परियोजना पर उत्तर प्रदेश सरकार और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी मिलकर 10,000 करोड रुपए का निवेश करेंगे। यह देश में सबसे अत्याधुनिक और तकनीकी रूप से समृद्ध फिल्म सिटी होगी। इससे ना केवल उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत की लोक कलाओं को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। फिल्म निर्माण सेक्टर उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा हिस्सा बनकर उभरेगा। नोएडा ग्रैंड फिल्म सिटी के नाम से यह परियोजना 1,000 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है।"

3. नोएडा में लखनऊ के साथ बनाई जाएगी डिजिटल अकैडमी
गौतमबुद्ध नगर के हिस्से में भारतीय जनता पार्टी की घोषणाओं में एक और बड़ी योजना आई है। मेनिफेस्टो जारी करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुगम शिक्षा के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। कोरोनावायरस के संक्रमण की वजह से फैली महामारी के दौरान शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। योगी आदित्यनाथ ने बताया, "उत्तर प्रदेश में दो डिजिटल अध्ययन अकादमी खोली जाएंगी। इनमें एक अकादमी नोएडा और दूसरी लखनऊ में स्थापित की जाएगी। मिली जानकारी के मुताबिक इन दोनों अकादमी की स्थापना करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार विश्व स्तरीय तकनीक और विशेषज्ञों का सहयोग लेगी। डिजिटल अध्ययन अकादमी में लाखों डिजिटल किताबें, शोध पत्र और करोड़ों टॉपिक्स पर अध्ययन सामग्री छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन उपलब्ध होगी।

 भाजपा के संकल्प पत्र में कुछ और बड़ी घोषणाएं
  1. किसानों को मुफ्त सिंचाई की सुविधा। 
  2. गन्ना किसानों को 14 दिन में भुगतान।
  3. उज्ज्वला योजना के अंतर्गत होली और दीवाली पर 1-1 मुफ़्त सिलिंडर।
  4. 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा। 
  5. निराश्रित महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को 1500 रुपये की मासिक पेंशन। 
  6. प्राथमिक स्कूलों में टेबल बेंच की व्यवस्था।
  7. हर मण्डल में कम से कम 1 विश्वविद्यालय।
  8. हर परिवार को कम से कम एक रोज़गार प्रदान करेंगे। 
  9. एमएस-एमडी और एमबीबीएस की सीटों को दोगुना करेंगे। 
  10. लव जिहाद रोकने के लिए 10 साल की सज़ा और 1 लाख का जुर्माने का प्रावधान। 
  11. माँ अन्नपूर्णा कैंटीन बनाकर ग़रीबों को सस्ता खाना देंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.