एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय की किसानों से भावुक अपील वायरल, बोले- किसान के पांवों में बिछ जाएगा जवान

ग्रेटर नोएडा : एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय की किसानों से भावुक अपील वायरल, बोले- किसान के पांवों में बिछ जाएगा जवान

एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय की किसानों से भावुक अपील वायरल, बोले- किसान के पांवों में बिछ जाएगा जवान

Tricity Today | एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय की किसानों से भावुक अपील वायरल

किसानों को केंद्र सरकार के कानूनों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करते डेढ़ महीने से ज्यादा वक्त बीत चुका है। गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में लगातार किसानों के प्रदर्शन चल रहे हैं। किसान दिल्ली घेरे बैठे हैं। कई बार दिल्ली में घुसने की कोशिश कर चुके हैं। किसानों का आंदोलन पूरी तरह अहिंसावादी है। लिहाजा, अब तक पुलिस ने भी कोई प्रतिकार नहीं किया है। ऐसे में किसानों को आगे बढ़ने से कैसे रोका जाए, यह पुलिस के सामने बड़ी चुनौती होती है। इसी रोकथाम और किसानों से बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। 



इस वीडियो में ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे किसानों से एक भावुक अपील कर रहे हैं। विशाल पांडे किसानों से कहते हैं, "आप लोग अहिंसावादी तौर तरीकों से आंदोलन कर रहे हैं। आप लोगों को रोकने के लिए पुलिस को भी अहिंसावादी तरीका ही अपनाना पड़ेगा। हम आप लोगों पर जोर जबरदस्ती और बल का प्रयोग नहीं कर सकते हैं। लिहाजा, किसान को रोकने के लिए जवान मजबूर होकर सड़क पर आपके पांव के नीचे लेट जाएगा। ऐसे में अगर आप जवान के ऊपर से गुजरकर निकल जाएंगे तो ठीक है। किसान के पांव के नीचे जवान कुचलना भी पसंद करेगा।"

विशाल पांडे कहते हैं कि पुलिस वाले किसानों के ही बेटे हैं। आप सभी लोग हमारे परिवार के मुखिया हैं। हम अपने परिवार के लोगों को प्रताड़ित नहीं कर सकते हैं। अपने परिवार के लोगों को धक्का नहीं दे सकते हैं। उन पर बल प्रयोग नहीं कर सकते हैं। ऐसे में हमारे सामने एक ही विकल्प बचता है कि जिस तरह आप अहिंसात्मक ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं, उसी तरह हमें भी आपको रोकने के लिए अहिंसात्मक तरीका अपनाना पड़ेगा। यह सारे जवान किसानों के सामने पांव में लेट जाएंगे। फिर आप लोग आगे बढ़ना चाहेंगे तो चले जाना।" यह वीडियो पिछले सप्ताह का है। जिसमें ग्रेटर नोएडा के किसान दिल्ली की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें रोकने की जिम्मेदारी विशाल पांडे को सौंपी गई थी। 

रात के वक्त विशाल पांडे ने किसानों से उनका माइक लेकर संबोधित किया था। विशाल पांडे का यह वक्तव्य सुनकर किसानों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका समर्थन किया। बड़ी बात यह है कि विशाल पांडे की भावुक अपील से किसानों का जत्था इतना प्रभावित हुआ कि उन्होंने दिल्ली जाने का फैसला रद्द कर दिया। अब विशाल पांडे का यह वीडियो व्हाट्सएप, टि्वटर और फेसबुक समेत तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि नवयुवक किसान ही इस वीडियो को एक-दूसरे के साथ शेयर कर रहे हैं। विशाल पांडे के साथ गौतमबुद्ध नगर पुलिस की जमकर तारीफ की जा रही है। पिछले सप्ताह भारतीय किसान यूनियन ने ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते पलवल जाने का ऐलान किया था। उस वक्त भी गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बेहद सूझबूझ से उस प्रदर्शन को हैंडल करने में कामयाबी हासिल की थी। किसानों को पलवल जाने से रोक दिया था। ग्रेटर नोएडा में ही पंचायत करवाई गई थी। जिससे लाखों लोगों को परेशान होने से बचा लिया गया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.