माहौल बिगाड़ा तो जाएंगे जेल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

गौतमबुद्ध नगर में मुहर्रम को लेकर अलर्ट : माहौल बिगाड़ा तो जाएंगे जेल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

माहौल बिगाड़ा तो जाएंगे जेल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Tricity Today | पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और मनीष कुमार वर्मा

Greater Noida News : गौतमबुद्ध नगर में मुहर्रम को लेकर इस बार पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा सक्रिय हो गए हैं। बुधवार को दोनों अधिकारियों ने ताजिया निकलने वाले मार्गों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। 

स्थानीय लोगों से किया संवाद 
जिले में शांतिपूर्वक मोहर्रम जुलूस निकालने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर मनीष कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से गांव छोलस दादरी पहुंचकर ताजिया निकलने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी ताजियादारों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और उन्हें आपसी सौहार्द, सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मोहर्रम जुलूस निकालने और अपने परिवार और आस-पास के लोगों को भी प्रेरित और जागरूक करने को कहा। उन्होंने ताजिया निकलने वाले मार्गों और वहां आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी समस्याओं की निगरानी करते हुए मानसून को देखते हुए लटकते बिजली के तारों, जल निकासी और साफ-सफाई आदि की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश 
उन्होंने कहा कि जुलाई माह में मुहर्रम की शुरुआत के साथ ही ताजिया निकाले जाएंगे। इसलिए संबंधित अधिकारी ताजिया मार्ग का निरीक्षण करें, ताकि ताजिया निकलने वाले मार्गों पर ताजियादारों व स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। 

ताजिया की ऊंचाई रखें कम
निरीक्षण के बाद उन्होंने सभी ताजियादारों से बात की और उन्हें ताजिया की ऊंचाई कम रखने को कहा। उन्होंने कहा कि ताजियादारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस व जिला प्रशासन अलर्ट है। यदि कोई अशांति फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान, एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा सहित जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.