युवा मोर्चा ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया, पूरी टीम के सपा में जाने की चर्चाएं

गौतमबुद्ध नगर भाजपा का हाल : युवा मोर्चा ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया, पूरी टीम के सपा में जाने की चर्चाएं

युवा मोर्चा ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया, पूरी टीम के सपा में जाने की चर्चाएं

Tricity Today | युवा मोर्चा ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया

Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी में जो ना हो जाए, वह कम है। मंगलवार सुबह से चर्चाएं जोरों पर चल रही हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राज नागर अपनी पूरी टीम को लेकर समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इसकी पटकथा कुलेसरा गांव के रहने वाले और भाजपा जिलाध्यक्ष के करीबी पवन त्यागी ने लिखी है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राज नागर, पवन त्यागी और उनकी पूरी टीम ने अखिलेश यादव से सोमवार को लखनऊ में मुलाकात की है। इस पूरे मामले पर जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष से बात करने की कोशिश की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए भाजपा नेताओं के फोटो
मंगलवार की सुबह से सोशल मीडिया पर कई फोटो वायरल हो रहे हैं। इनमें गौतमबुद्ध नगर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राज नागर, उपाध्यक्ष अजमेंद्र नागर, जिला कार्यकारिणी सदस्य जीवन भाटी और भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष के बेहद निकट पवन त्यागी पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इन फोटो में अखिलेश यादव और पवन त्यागी एक-दूसरे से हाथ मिलाते हुए हंस रहे हैं। बराबर में राज नगर, अजमेंद्र नागर और जीवन भाटी खड़े हुए हैं। आपको बता दें कि भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अजमेंद्र बिसरख ब्लॉक प्रमुख ओमपाल नागर के पुत्र हैं। दूसरी ओर पवन त्यागी का बेटा रोबिन त्यागी भी भाजपा युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष है।

चर्चाएं हैं- युवा मोर्चा की पूरी टीम सपा में शामिल हो रही है
यह फोटो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहे हैं। पूरे गौतमबुद्ध नगर जिले में चर्चाएं जोरों पर चल रही हैं। आसपास के जिलों में और लखनऊ तक भी भारतीय जनता पार्टी में इन फोटो को देखकर हड़कंप मचा हुआ है। चर्चाएं हैं कि राज नागर और पवन त्यागी की अगुवाई में पूरा युवा मोर्चा समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहा है। इसी को लेकर अखिलेश यादव से इन लोगों ने मुलाकात की है। इसके पीछे वजह बताई जा रही है कि पवन त्यागी भारतीय जनता पार्टी में गौतमबुद्ध नगर के महामंत्री बनना चाहते थे। विजय भाटी ने उनकी ताजपोशी नहीं की। अब विजय भाटी को पार्टी नेतृत्व के सामने नीचा दिखाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। इस पूरे प्रकरण पर गौतमबुद्ध नगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष राज नागर और प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी से बात करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों के पक्ष आने के बाद जानकारी दी जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.