गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत चेयरमैन पद के लिए अमित चौधरी होंगे भाजपा के प्रत्याशी

BIG BREAKING : गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत चेयरमैन पद के लिए अमित चौधरी होंगे भाजपा के प्रत्याशी

गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत चेयरमैन पद के लिए अमित चौधरी होंगे भाजपा के प्रत्याशी

Tricity Today | Amit Chaudhary

Jila Panchayat Chunav : गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) ने अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा कर दी है। जिला पंचायत के वार्ड नंबर-5 से सदस्य निर्वाचित होकर आए गौतमबुद्ध नगर भाजपा के महामंत्री अमित चौधरी अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे। पार्टी की ओर से बुधवार को अमित चौधरी को यह जानकारी दे दी गई है। अमित चौधरी ने कहा कि पार्टी के आदेश का पालन किया जाएगा। आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर में जिला पंचायत के 5 सदस्य हैं। इनमें से 3 सदस्य भारतीय जनता पार्टी के हैं। ऐसे में बिना किसी अड़चन के भाजपा अपना चेयरमैन बना लेगी।

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हो चुका है। अभी जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख के चुनाव पर राज्य सरकार ने रोक लगा दी थी। कोरोनावायरस के कारण प्रदेश में फैली महामारी को ध्यान में रखते हुए ऐसा निर्णय लिया गया था। अब जैसे-जैसे संक्रमण कम हो रहा है, उसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए राजनीतिक बिसात बिछने लगी है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के लिए अपने अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वार्ड नंबर-5 से सदस्य अमित चौधरी को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि यह चुनाव निर्विरोध रूप से होने की संभावना है। दरअसल, 5 सदस्यों वाली जिला पंचायत में भारतीय जनता पार्टी के पास 3 सदस्य हैं। बहुजन समाज पार्टी का एक जिला पंचायत सदस्य है और एक जिला पंचायत सदस्य निर्दलीय है। ऐसे में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश नहीं कर पाएंगी। लिहाजा, अमित चौधरी का निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय है।

पहली बार भारतीय जनता पार्टी का जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा
गौतमबुद्ध नगर जिला अस्तित्व में आने के बाद से लेकर अब तक एक बार भी भारतीय जनता पार्टी को जिला पंचायत में कामयाबी नहीं मिली थी। पहली बार भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत में अध्यक्ष पद पर कामयाबी हासिल करेगी। हालांकि, यह पहला मौका होगा जब गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत में केवल 5 सदस्य होंगे। इन्हीं में से एक सदस्य को जिला पंचायत का उपाध्यक्ष भी चुना जाएगा। ऐसे में उम्मीद है कि भाजपा के बाकी दो जिला पंचायत सदस्यों में से किसी एक को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा।

जिला पंचायत में तीन सदस्य गुर्जर बिरादरी से चुनकर आए
गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के 5 सदस्यों में से तीन गुर्जर बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं। एक जिला पंचायत सदस्य अनुसूचित जाति महिला है और एक जिला पंचायत सदस्य जाट है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से अध्यक्ष पद के दावेदार घोषित किए गए अमित चौधरी जाट हैं। वह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चिपयाना बुजुर्ग गांव के निवासी हैं। उन्हें पार्टी ने जेवर क्षेत्र के पांच नंबर वार्ड से उम्मीदवार घोषित किया था। पांच नंबर वार्ड में जाट समुदाय की बहुलता वाले 5 गांव हैं। इन गांवों के मतदाताओं ने अमित चौधरी को एकतरफा मतदान किया है।

दूसरी बार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुना जाएगा
गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के करीब 24 साल के इतिहास में ऐसा मौका दूसरी बार आएगा, जब अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुनाव होगा। वर्ष 1997 में गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत बनी थी। तब एक साल बाद वर्ष 1998 में वेदपाल सिंह भाटी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। हालांकि वह केवल एक वर्ष तक पद पर रहे। उसके बाद दोबारा चुनाव हुआ और विजेंद्र सिंह भाटी जिला पंचायत अध्यक्ष बने थे। इस बार भाजपा के पास जिला पंचायत में साफ बहुमत है। लिहाजा चुनाव करवाने की आवश्यकता नहीं होगी।

ये है गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के सदस्य 
  1. मोहिनी जाटव (BJP)
  2. जयवती नागर (BSP)
  3. बिर्जेश उर्फ़ देवा भाटी (BJP)
  4. सुनील कुमार 
  5. अमित चौधरी (BJP)

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.