सब इंस्पेक्टर को गोली मरने वालों के खिलाफ लोगों में गुस्सा, बोले- यह नोएडा पुलिस है, छोड़ेगी नहीं

ग्रेटर नोएडा : सब इंस्पेक्टर को गोली मरने वालों के खिलाफ लोगों में गुस्सा, बोले- यह नोएडा पुलिस है, छोड़ेगी नहीं

सब इंस्पेक्टर को गोली मरने वालों के खिलाफ लोगों में गुस्सा, बोले- यह नोएडा पुलिस है, छोड़ेगी नहीं

Social Media | सब इंस्पेक्टर अंकुर चौधरी

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में बिलासपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर को शुक्रवार की दोपहर दो बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। इस वारदात को लेकर शहर के लोगों में गुस्सा है। बाइक सवार दो बदमाशों ने बीच बाजार सीधे सब इंस्पेक्टर के सिर पर पिस्टल तान दी थी। अंकुर चौधरी ने पलक झपकते ही बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। जिसमें गोली चली और एसआई के पांव में लगी। अब सोशल मीडिया पर लोग गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। लोगों का कहना है, "यह नोएडा पुलिस है, छोड़ेगी नहीं।"

एक ट्वीटर यूजर ने लिखा, "यह बेहद दुखद और अस्वीकार्य घटना है। नोएडा पुलिस को पुरजोर ढंग से स्ट्राइक करनी चाहिए। दयाभाव के बिना बेहद कठोर एक्शन करें। यह कार्रवाई अपराधियों के लिए एक उदाहरण बननी चाहिए।" एक अन्य ट्वीटर यूजर ने लिखा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। दुस्साहसियों के खिलाफ कठोर एक्शन होना चाहिए।" दिनेश शुक्ला लिखते हैं, "बदमाशों को कड़ी सजा मिले।" अनिल प्रताप सिंह ने एक ट्वीटर पोस्ट पर कमेंट किया है। वह लिखते हैं, "यह नोएडा पुलिस है, छोड़ेगी नहीं।"

आपको बता दें कि दो युवक ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर कस्बे में केनरा बैंक के सामने रेहड़ी पर गोल गप्पे खा रहे थे। तभी एसआई अंकुर चौधरी वहां पहुंच गए। उन्होंने देखा कि गोल गप्पे खा रहे युवकों में से एक ने पिस्टल ले रखी है। अंकुर को यह अजीब लगा और वह पूछताछ करने पहुंच गए। जैसे ही अंकुर दोनों युवकों के पास पहुंचे और पिस्टल के बारे में पूछा उसने पिस्टल निकालकर सीधे तान दी। घटनाक्रम पर डीपी दुबे ने लिखा, "जब किसी बदमाश का एनकाउंटर होता है तो कुछ नेताओं को बड़ी मिर्ची लगती है। अब इन खूंखार बदमाशों के खिलाफ कोई अभियान नहीं चलाएगा। कमिश्नर साहब, इन बदमाशों को सही जगह भेजिए।"

शशिकांत ने कहा, "यह दहलाने वाली वारदात है। इतनी हिम्मत कहां से आई।" पंडित संजीव कुमार ने लिखा है, "इन बदमाशों को चिन्हित करके कड़ी सजा मिले।" सौरभ सिंह ने वारदात पर चिंता जाहिर करते हुए लिखा, "लोग देश की सुरक्षा में लगे जवानों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। मैंने देखा कि एक वीडियो में नेताजी पुलिस सब इंस्पेक्टर को बिल्ला उतरवाने की धमकी दे रहे हैं।" यश मुद्गल कहते हैं, "क्रिमिनल्स जल्दी से जल्दी सलाखों के पीछे होने चाहिएं। यह घटना आम आदमी में बुरा संदेश दे रही है।"

सब इंस्पेक्टर को पांव में लगी गोली, ऑपरेशन होगा

अंकुर चौधरी शुक्रवार की दोपहर करीब 3:00 बजे ड्यूटी पर थे और वह केनरा बैंक के सामने से गुजर रहे थे। उसी वक्त यह वारदात हुई। गोली एसआई अंकुर चौधरी के पांव में लगी है। डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक अंकुर चौधरी के पांव की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। टांग की टिबिया बोन (घुटने के नीचे सामने वाली बड़ी हड्डी) तीन जगह से टूटी है। उनका ऑपरेशन किया जा रहा है। उनके पांव में रॉड और प्लेट डाली जाएंगी। डॉक्टरों का कहना है कि खून बहुत बह गया लेकिन अंकुर चौधरी खतरे से बाहर हैं।

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कॉम्बिंग शुरू की है। दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर भागे हैं। उनकी तलाश की जा रही है। सब इंस्पेक्टर को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद भारी फोर्स मौके पर पहुंचा है। आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है। हमलावरों की पहचान करने के लिए बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एकत्र की जा रही हैं। एडिशनल डीसीपी ने कहा है कि जल्दी गिरफ्तारी हो जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.