मैं जहां जाता हूं चुनाव जीतता हूं, आज भी भाजपा का विधायक हूं

अवतार भड़ाना के बड़े बोल : मैं जहां जाता हूं चुनाव जीतता हूं, आज भी भाजपा का विधायक हूं

मैं जहां जाता हूं चुनाव जीतता हूं, आज भी भाजपा का विधायक हूं

Tricity Today | अवतार सिंह भड़ाना

UP Assembly Election 2022 : चुनावी राजनीति के खिलाड़ी माने जाने वाले अवतार सिंह भड़ाना गौतमबुद्ध नगर की जेवर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अवतार सिंह भड़ाना वैसे तो हरियाणा के रहने वाले हैं लेकिन जब अपने गृह राज्य की राजनीति में हाशिए पर पहुंच जाते हैं तो उन्हें पड़ोसी सूबे उत्तर प्रदेश की याद आ जाती है। वह तीसरी बार यूपी में चुनाव लड़ने आए हैं। समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन ने अवतार सिंह भड़ाना को जेवर विधानसभा सीट से अपना संयुक्त प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि, गुरुवार को यकायक उन्होंने चुनावी मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया था। फिर देर रात ट्विटर पर चुनाव में वापसी की घोषणा की। 

शुक्रवार की सुबह दस्तावेज पूरे करने कलेक्ट्रेट पहुंचे
अवतार सिंह भड़ाना शुक्रवार की सुबह ग्रेटर नोएडा कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधूरे दस्तावेज पूरे किए। इस दौरान 'ट्राईसिटी टुडे' से अवतार सिंह भड़ाना ने विस्तृत बातचीत की। वह पूरे रुबाब में नजर आए। इस दौरान उन्होंने चिर-परिचित अंदाज में कई बड़ी-बड़ी बात कहीं। अवतार सिंह ने कहा, "मैं जहां जाता हूं चुनाव जीत जाता हूं। मुझे जनता प्यार करती है।" उन्होंने यहां तक कह डाला, "मैं अभी भी भारतीय जनता पार्टी का विधायक हूं। मीरापुर सीट से मैंने चुनाव जीता, जहां से पिछले 70 वर्षों में भाजपा कभी चुनाव नहीं जीत पाई थी और इस चुनाव में भी हार जाएगी।"

लोगों को बचाने के लिए चुनाव ना लड़ने का फैसला लिया था
जब अवतार सिंह भड़ाना से पूछा गया कि उन्होंने अचानक चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा क्यों कर दी थी? उन्होंने जवाब दिया, "मुझे कोरोनावायरस के संक्रमण की आशंका हुई। मैंने अपने लोगों से बातचीत की। उनसे कहा कि देश में कोरोनावायरस का बड़ा खतरा है। मेरी वजह से लोगों की जान जा सकती है। ऐसे में मुझे चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। मैंने दिल्ली में कोरोनावायरस का संक्रमण टेस्ट करवाया। रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके बाद मैंने चुनाव में वापस लौटने का फैसला ले लिया है। मेरी वजह से किसी की जान चली जाए, यह मैं कैसे देख सकता हूं। मैं एक राष्ट्रवादी व्यक्ति हूं। मैंने राष्ट्रीय राजनीति में लंबे अर्से तक काम किया है। ना जाने कितनी बार सांसद और विधायक रह चुका हूं। मैं मंत्री रहा हूं। ऐसे में मेरा फर्ज बनता है कि लोगों की जान को अपनी वजह से खतरा ना पैदा होने दूं। अब मैं चुनाव में वापस लौट आया हूं। अपनों के लिए चुनाव लड़ूंगा। गरीबों के लिए चुनाव लड़ूंगा।"

मीरापुर के लोगों को अनाथ छोड़कर क्यों चले आए थे
आपको बता दें कि अवतार सिंह भड़ाना ने पिछला विधानसभा चुनाव भी उत्तर प्रदेश में लड़ा था। उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर विधानसभा सीट से टिकट दिया था। मीरापुर सीट पर गुर्जर मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। कांटे की लड़ाई में अवतार सिंह भड़ाना महज 216 वोटों से जीते थे। हालांकि, चुनाव जीतने के बाद वह वापस मीरापुर नहीं लौटे। मीरापुर की जनता खुद को 5 वर्षों तक अनाथ महसूस करती रही। इस पर अवतार सिंह भड़ाना का कहना है, "मैंने मीरापुर को नहीं छोड़ा था। मैंने भारतीय जनता पार्टी के लिए ऐसी सीट जीती थी, जो पिछले 70 वर्षों में कभी नहीं जीत पाए थे। मैं दावा करता हूं कि इस चुनाव में मीरापुर सीट भाजपा हार जाएगी। मैं जहां जाता हूं, चुनाव जीत जाता हूं। दरअसल, जनता मुझे प्यार करती है। मैं सेवक के तौर पर जनता के लिए काम करता हूं।"

 अवतार भड़ाना का राजनीतिक सफर
  1. 1988 में बिना विधायक तत्कालीन हरियाणा के मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने अवतार भड़ाना को 6 माह के लिए शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री बनाया
  2. 1989 में दौसा से जनता दल की टिकट पर कांग्रेस नेता राजेश पायलट के सामने चुनाव हारे
  3. 1991 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर पहली बार सांसद बने
  4. 1996 में फरीदाबाद से भाजपा के रामचंद्र बैंदा से चुनाव हारे
  5. 1998 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट न मिलने पर समाजवादी जनता पार्टी की टिकट पर भाजपा के रामचंद्र बैंदा से चुनाव हारे
  6. 1999 में मेरठ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर दूसरी बार सांसद बने
  7. 2004 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर तीसरी बार सांसद बने
  8. 2009 में फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर चौथी बार सांसद बने
  9. 2014 में फरीदाबाद में कांग्रेस की टिकट पर भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर से 4.67 लाख मतों से चुनाव हारे
  10. 2015 में कांग्रेस छोड़कर हरियाणा की इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी में शामिल हो गए
  11. 2016 में अवतार इनेलो छोड़ भाजपा में शामिल हुए और भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बने
  12. 2017 में अवतार भड़ाना उत्तर प्रदेश के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर विधायक बने
  13. 2022 में विधानसभा चुनाव की जीत की हवा को परखते हुए राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हुए

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.