अवतार सिंह भड़ाना का ऑडियो वायरल, जब कोई विकल्प नहीं तो जेवर में लड़ेंगे चुनाव, हरिद्वार से कांग्रेस का टिकट पहली जरूरत

BIG BREAKING : अवतार सिंह भड़ाना का ऑडियो वायरल, जब कोई विकल्प नहीं तो जेवर में लड़ेंगे चुनाव, हरिद्वार से कांग्रेस का टिकट पहली जरूरत

अवतार सिंह भड़ाना का ऑडियो वायरल, जब कोई विकल्प नहीं तो जेवर में लड़ेंगे चुनाव, हरिद्वार से कांग्रेस का टिकट पहली जरूरत

Tricity Today | अवतार सिंह भड़ाना

Greater Noida : जेवर से राष्ट्रीय लोकदल-समाजवादी पार्टी गठबंधन के उम्मीदवार अवतार सिंह भड़ाना का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस ऑडियो में अवतार सिंह भड़ाना और उनके समर्थक के बीच चुनाव लड़ने को लेकर बातचीत हो रही है। अवतार सिंह भड़ाना के बेटे अर्जुन भड़ाना ने यह स्वीकार किया है कि ऑडियो उनके पिता की है लेकिन उनका यह भी कहना है कि बातचीत काफी पुरानी है। इस ऑडियो में हो रहे वार्तालाप से साफ जाहिर होता है कि अवतार सिंह भड़ाना मजबूरी में जेवर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। शायद यही वजह रही कि 2 दिन पहले अवतार सिंह भड़ाना ने जेवर से चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया था। हालांकि बाद में सपा-रालोद हाईकमान के दबाव में भड़ाना लौटकर वापस आए हैं। 

"जेवर में हो रहा है धोखा, स्थिति अच्छी नहीं"
बातचीत की शुरुआत में अवतार सिंह भड़ाना का समर्थक कहता है कि जेवर क्षेत्र में आपकी स्थिति अच्छी नहीं है। आपके साथ धोखा हो रहा है। जेवर में चुनाव लड़ना मुनासिब नहीं होगा। ऐसे में उत्तराखंड की हरिद्वार सीट से चुनाव लड़ने की कोशिश करनी चाहिए। वहां संभावना अच्छी है अगर कांग्रेस से टिकट मिल जाए। हमें ढाई साल बाद केंद्र और सांसद का चुनाव भी देखना होगा। इस पर अवतार सिंह भड़ाना कहते हैं कि पहला विकल्प हरिद्वार से कांग्रेस का टिकट है। अगर हरिद्वार से कांग्रेस का टिकट नहीं मिलता है तो अखिलेश यादव से जेवर में टिकट लेना ही पड़ेगा। इस पर समर्थक कहता है कि इन लोगों की सरकार उत्तर प्रदेश में बनती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में जेवर से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ना ठीक नहीं रहेगा। हरिद्वार में ही चुनाव लड़ने की कोशिश करनी चाहिए। जेवर में आपके साथ धोखा हो रहा है।

महाराज जी और अमित जी का बातचीत में लंबा जिक्र
इसके बाद अवतार सिंह भड़ाना और उनके समर्थक के बीच किसी महाराज जी और अमित जी को लेकर लंबी चर्चा होती है। जिसमें समर्थक कहता है कि हमें महाराज जी के पास जाकर प्रयास करना चाहिए। इस पर अवतार सिंह भड़ाना कहते हैं कि महाराज जी एक बार अमित जी से बात कर लें। अगर हमारा एक बार फिर अमित जी के जरिए वहीं तारतम्य बन जाए तो उससे बढ़िया कुछ नहीं हो सकता लेकिन अगर हम पार्टी में आ जाएं और उसके बाद हमारा कुछ ना हो तो कोई फायदा नहीं होगा। अमित जी के माध्यम से अगर आएंगे तो स्थिति बहुत अच्छी हो जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है ऑडियो
अवतार सिंह भड़ाना और उनके साथी के बीच हुई इस बातचीत का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। लोग व्हाट्सएप, टि्वटर और फेसबुक पर यह ऑडियो साझा कर रहे हैं। लोग दावा कर रहे हैं कि इसी वजह से अवतार सिंह भड़ाना जेवर की छोड़कर चले गए थे। वह सपा-रालोद गठबंधन से यहां चुनाव लड़ना नहीं चाहते हैं। चुनाव के बीच हाथ खड़े करने के बाद सपा-रालोद हाईकमान ने दबाव डाला। जिसके चलते अवतार सिंह भड़ाना वापस लौट कर आए हैं।

यह ऑडियो पुरानी है, भाजपा प्रसारित कर रही है : अर्जुन भड़ाना
इस ऑडियो को लेकर अवतार सिंह भड़ाना से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन वह फोन कॉल पर नहीं आए। इसके बाद उनके बेटे अर्जुन भड़ाना से बातचीत की गई। अर्जुन ने कहा, "यह ऑडियो पुरानी है। अब इसे भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जानबूझकर प्रसारित कर रहे हैं। इस ऑडियो के जरिए हमारे चुनावी अभियान को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।" आपको बता दें कि जेवर विधानसभा सीट से नामांकन करने के बाद 2 गुरुवार की दोपहर अवतार सिंह भड़ाना ने यकायक चुनाव मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया था। कुछ घंटों बाद ही उन्होंने ट्विटर पर एक आधिकारिक बयान जारी किया और चुनाव में लौटने का ऐलान कर दिया। चुनाव मैदान से हटने की वजह उन्होंने कोरोना संक्रमण बताया था। बाद में कहा कि कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। लिहाजा चुनाव लड़ रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.