लेखपाल की गिरफ्तारी पर बिफरा संघ, कहा- शीतला प्रसाद को बलि का बकरा बनाया

चिटेहरा भूमि घोटाला : लेखपाल की गिरफ्तारी पर बिफरा संघ, कहा- शीतला प्रसाद को बलि का बकरा बनाया

लेखपाल की गिरफ्तारी पर बिफरा संघ, कहा- शीतला प्रसाद को बलि का बकरा बनाया

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

Greater Noida : चिटेहरा जमीन घोटाले में गिरफ्तार लेखपाल शीतला प्रसाद के बचाव में जिले के सभी लेखपाल खुलकर सामने आ गए हैं। लेखपाल संघ ने शीतला प्रसाद की गिरफ्तारी को गलत ठहराते हुए कहा कि जिला प्रशासन चिटहेरा प्रकरण को बड़ा घोटाला बता रहा है। असल में घोटाले तो हर रोज ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और भू-अर्जन विभाग में हो रहे हैं। रोजाना प्राधिकरण में करोडों रुपये के घोटाले होते हैं। अथॉरिटी और भू-अर्जन विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारियों ने बड़े घोटाले किए हैं। लेखपाल संघ के अध्यक्ष सतीश भाटी और मंत्री केके शर्मा ने अथॉरिटी और भू-अर्जन विभाग के अफसरों पर गम्भीर आरोप लगाए हैं। साथ ही इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

जिम्मेदार अफसरों को बचाने के लिए बलि का बकरा बनाया
सतीश भाटी ने कहा, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और लैंड एक्विजिशन डिपार्टमेंट के अफसरों ने बड़े-बड़े घोटाले करके अरबों-करोड़ों रुपए के वारे न्यारे किए हैं। उन पर अभी तक एक बार कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस-प्रशासन बड़े अधिकारी और सफेदपोश नेताओं को बचाने का काम कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने चिटहेरा में डीएमआईसी प्रोजेक्ट के लिए इतनी जमीन खरीदी है। मुआवजा लेकर माफिया रफूचक्कर हो गए हैं। अब लेखपाल को बलि का बकरा बनाया जा रहा हैै। यशपाल तोमर के अलावा आज तक अन्य आरोपियों में से किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। लेखपाल केवल आख्या लगाते हैं। बाकी काम तो बड़े अधिकारी करते हैं। बड़े अधिकारी आख्या को निरस्त कर सकते हैं।

लेखपालों का उत्पीड़न किया तो आंदोलन होगा
सतीश भाटी ने आगे कहा कि असली दोषी अधिकारियों को बचाने के लिए लेखपालों को बलि का बकरा बनाया जाता है। यदि इसी तरह लेखपालों के साथ उत्पीड़न होता रहा तो लेखपाल संघ आंदोलन करेगा। सड़कों पर उतरेगा। जिसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी। इस मौके पर लेखपाल डिम्पल यादव, राजकुमार नागर, अशोक भाटी, मुकेश शर्मा, मनोज दुबे, सुभाष यादव, अमित कुमार आदि शामिल रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.