यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत

BREAKING : यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत

यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत

Tricity Today | यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत

ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार की देर रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में यूपी रोडवेज की बस और एक ट्रक के बीच टक्कर हुई है। जिसमें करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायल यात्रियों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यूपी रोडवेज की बस आगरा से ग्रेटर नोएडा आ रही थी। ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में रोडवेज की भिड़ंत एक डंपर से हो गई। इस हादसे में रोडवेज बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक करीब एक दर्जन यात्रियों को चोट लगी हैं। हादसे के बाद मौके पर हायतौबा मच गई। पुलिस और यमुना एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे बचाव दल ने सभी यात्रियों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे के बाद काफी देर तक यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा से ग्रेटर नोएडा लेन को बंद रखना पड़ा। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि घायलों का उपचार किया जा रहा है। दो लोगों को गंभीर चोट आई हैं। बाकी यात्री सामान्य हैं। ज्यादातर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

दूसरी ओर यूपी रोडवेज ने दूसरी बस मंगवाकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया है। आपको बता दें कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के कारण हो रहे हादसों को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर ने वाहनों की रफ्तार कम करने का आदेश दिया है। 15 दिसंबर की रात 12:00 बजे से कार और दूसरे हल्के वाहनों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। तमाम एहतियाती कदम उठाने के बावजूद हो रहे हादसे चिंता का विषय हैं।
 
 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.