यमुना अथॉरिटी का बड़ा एक्शन, एसडीएस ग्रुप की टाउनशिप का आवंटन रद्द, पैसे जब्त

BIG BREAKING : यमुना अथॉरिटी का बड़ा एक्शन, एसडीएस ग्रुप की टाउनशिप का आवंटन रद्द, पैसे जब्त

यमुना अथॉरिटी का बड़ा एक्शन, एसडीएस ग्रुप की टाउनशिप का आवंटन रद्द, पैसे जब्त

Tricity Today | यमुना अथॉरिटी

Greater Noida | यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) ने शुक्रवार को बड़ी कार्यवाही की है। डिफॉल्टर चल रहे एसडीएस ग्रुप की टाउनशिप का आवंटन रद्द कर दिया है। बिल्डर की ओर से प्राधिकरण में जमा की गई धनराशि जब्त कर ली गई है। आपको बता दें कि इससे पहले भी यमुना अथॉरिटी ने एसडीएस ग्रुप के खिलाफ कार्रवाई की थी। वहीं, अप्रैल से लेकर अब तक आठ बिल्डरों के आवंटन रद्द किए जा चुके हैं। शुक्रवार को यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने यह जानकारी दी है।

यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि 16 अगस्त 2011 को एसडीएस ग्रुप के नाम सेक्टर-26ए में 33 एकड़ जमीन का आवंटन किया गया था। इस पर एसडीएस ग्रुप को एक टाउनशिप का विकास करना था। बिल्डर ने अब तक नक्शे पास नहीं करवाए हैं। प्रोजेक्ट पर काम भी शुरू नहीं किया गया है। इसके अलावा बिल्डर की ओर से प्राधिकरण को जमीन का बकाया पैसा भुगतान नहीं किया जा रहा था। अब तक एसडीएस ग्रुप पर 233 करोड़ रुपए बकाया हो चुके थे। पिछले 11 वर्षों के दौरान इस प्रोजेक्ट में कोई प्रगति नहीं हुई है। परियोजना में काम करने और बकाया पैसा जमा करने के लिए बिल्डर को लगातार नोटिस भेजे जा रहे थे। बिल्डर की ओर से नोटिस का जवाब भी नहीं दिया गया। लिहाजा, शुक्रवार को आवंटन रद्द कर दिया गया है। बिल्डर की ओर से जमा की गई 18 करोड़ रुपये धनराशि जब्त कर ली गई है।

आपको बता दें कि अप्रैल महीने से लेकर अब तक यमुना प्राधिकरण ने नौ बिल्डरों के खिलाफ आवंटन रद्द करने की कार्रवाई की है। एसडीएस ग्रुप इस श्रृंखला में नौवां बिल्डर बन गया है। यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक यूजी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, त्रिवैली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, सनव्हाइट इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, प्रथम रियलवेंचर प्राइवेट लिमिटेड, ग्रोथ इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, अजनारा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सिल्वरलाइन फर्निशिंग एंड फर्नीचर प्राइवेट लिमिटेड और एसडीएस हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के भूमि आवंटन रद्द किए गए हैं। इन सारे बिल्डरों को यमुना अथॉरिटी ने सेक्टर-22डी, सेक्टर-18 और सेक्टर-26ए में भूमि आवंटन किए गए थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.