गौतमबुद्ध नगर भाजपा में होने जा रहा बड़ा बदलाव, इन लोगों को मिलेंगी बड़ी जिम्मेदारी

आज की बड़ी खबर : गौतमबुद्ध नगर भाजपा में होने जा रहा बड़ा बदलाव, इन लोगों को मिलेंगी बड़ी जिम्मेदारी

गौतमबुद्ध नगर भाजपा में होने जा रहा बड़ा बदलाव, इन लोगों को मिलेंगी बड़ी जिम्मेदारी

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर भाजपा में होने जा रहा बड़ा बदलाव

भारतीय जनता पार्टी की गौतमबुद्ध नगर जिला इकाई में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर क्षेत्रीय अध्यक्ष के पास भेज दिया गया है। अगले सप्ताह के दौरान घोषणा कर दी जाएंगी। इनमें सबसे बड़ा बदलाव जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष और महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों को लेकर होगा। दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष और महामंत्री स्तर पर बदलाव किया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष बने अमित चौधरी महामंत्री थे। उनका पद रिक्त हो गया है। उनकी जगह मौजूदा उपाध्यक्ष योगेश चौधरी को महामंत्री नियुक्त किया जा रहा है। योगेश चौधरी का उपाध्यक्ष पद खाली होगा। उस पर राहुल पंडित की नियुक्ति की जाएगी। राहुल पंडित विजय भाटी के साथ पिछली कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष थे, लेकिन इस बार मुख्य विस्तार में उन्हें जगह नहीं मिली थी। इन दोनों बदलाव के प्रस्ताव जिला अध्यक्ष विजय भाटी की ओर से क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल को भेज दिए गए हैं।

युवा मोर्चा अध्यक्ष की घोषणा भी होगी
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की घोषणा भी इसी सप्ताह होने की संभावना है। हालांकि, इस नियुक्ति के लिए पैनल पिछले सप्ताह क्षेत्रीय अध्यक्ष को भेज दिया गया था। जिस पर अभी तक फैसला नहीं हो पाया है। जानकारी मिल रही है कि मौजूदा जिला अध्यक्ष अन्नू पंडित एक बार फिर रिपीट होना चाहते हैं। दूसरी ओर जिला अध्यक्ष विजय भाटी ने जो पैनल क्षेत्रीय कार्यालय को भेजा है, उसमें अन्नू पंडित का नाम नहीं है। ऐसे में युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद की घोषणा अटकी हुई है। दरअसल, अगर अन्नू पंडित रिपीट नहीं होते हैं तो उन्हें क्षेत्रीय या प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी जा सकती है।

एमएलसी श्रीचंद शर्मा का नई नियुक्तियों पर असर
भाजपा जिला कार्यकारिणी में बदलाव और नियुक्तियों पर शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा का असर देखने को मिल रहा है। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की दौड़ में चेतन शर्मा, मोनू गर्ग और राज नागर हैं। इनके नाम का पैनल जिलाध्यक्ष ने क्षेत्रीय समिति को भेजा है। इनमें चेतन शर्मा का नाम एमएलसी खेमे से गया है। सूत्रों का कहना है कि चेतन के युवा मोर्चा अध्यक्ष बनने की प्रबल संभावना है। दूसरी ओर जिला उपाध्यक्ष बनाए जा रहे राहुल पण्डित तो श्रीचंद शर्मा के निकट रिश्तदार हैं। जब जिला कार्यकारिणी का गठन हुआ था तो राहुल पण्डित का नाम डॉ.महेश शर्मा की ओर से बतौर महामंत्री प्रस्तावित था लेकिन तब राहुल का समायोजन नहीं किया गया था। राहुल ने जिलाध्यक्ष के लिए भी दावेदारी की थी।

संघ और जेवर विधायक को भी तरजीह
जिला भाजपा में हो रहे इस बदलाव में आरएसएस और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह को भी तवज्जो दी गई है। अमित चौधरी की जगह बतौर महामंत्री जगह हासिल कर रहे योगेश चौधरी आरएसएस समर्थक हैं। योगेश भी जिलाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार थे। हालांकि, कामयाबी नहीं मिली थी। बाद में उन्हें विजय भाटी ने उपाध्यक्ष नियुक्त किया। योगेश चौधरी के प्रति जेवर विधायक का लगाव जग जाहिर है। दूसरी ओर युवा मोर्चा अध्यक्ष पद के लिए मोनू गर्ग का नाम भी चल रहा है। मोनू अभी अन्नू पण्डित की कार्यकारिणी में महामंत्री हैं। मोनू गर्ग विधायक धीरेंद्र सिंह के निकट कार्यकर्ताओं में से एक हैं। कुल मिलाकर जिला अध्यक्ष ने जेवर विधायक और एमएलसी श्रीचंद शर्मा को साधने की पूरी कोशिश की है।

सांसद डॉ.महेश शर्मा ने बनाई दूरी
इन बदलावों और नियुक्तियों से सांसद डॉ.महेश शर्मा पूरी तरह दूरी बनाए हुए हैं। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सांसद के निकट कार्यकर्ताओं में शामिल ठाकुर धर्मेंद्र भाटी का समायोजन इस बार भी नहीं हो पाया है। धर्मेंद्र भाटी को विजय भाटी के दूसरे कार्यकाल में बतौर महामंत्री शामिल करने की पुरजोर कोशिश की जाती रही हैं। इस बदलाव में भी धर्मेंद्र भाटी को तरजीह नहीं मिल पाई है। विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि डॉ.महेश शर्मा संगठन में बदलाव और नई नियुक्तियों से पूरी तरह दूरी बना कर बैठे हुए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.