गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अमित चौधरी की निर्विरोध जीत तय, विपक्ष नामांकन भी नहीं कर सकता, जानिए वजह

बड़ी खबर : गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अमित चौधरी की निर्विरोध जीत तय, विपक्ष नामांकन भी नहीं कर सकता, जानिए वजह

गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अमित चौधरी की निर्विरोध जीत तय, विपक्ष नामांकन भी नहीं कर सकता, जानिए वजह

Tricity Today | अमित चौधरी

Jila Panchayat Chunav : जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में गौतमबुद्ध नगर से भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के उम्मीदवार अमित चौधरी की जीत लगभग पक्की हो चुकी है। वह निर्विरोध चुनाव जीत जाएंगे। दूसरी ओर विपक्ष यहां अपना कोई उम्मीदवार खड़ा करने की स्थिति में भी नहीं है। मतलब, मुख्य विपक्षी दल बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) चाह कर भी अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं कर सकते हैं। भाजपा उम्मीदवार अमित चौधरी आज दोपहर सूरजपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

इस वजह से विपक्ष नहीं लड़ पाएगा चुनाव
गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत उत्तर प्रदेश में सबसे छोटी जिला पंचायत है। यहां केवल 5 सदस्य हैं। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कामयाबी हासिल करते हुए 3 सदस्यों को जिता लिया था। लिहाजा, सामान्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के पास अपना अध्यक्ष बनाने के लिए बहुमत है। दूसरी ओर बहुजन समाज पार्टी के पास एक जिला पंचायत सदस्य है। एक जिला पंचायत सदस्य निर्दलीय है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन में एक प्रस्तावक और एक अनुमोदक की आवश्यकता होती है। अनुमोदक और प्रस्तावक भी जिला पंचायत सदस्य होने चाहिएं। ऐसे में बसपा या निर्दलीय उम्मीदवार चाह कर भी अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। दरअसल, इनके पास अनुमोदक और प्रस्तावक की उपलब्ध नहीं होंगे।

पहली बार भाजपा अध्यक्ष पद पर काबिज होगी
गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी को अध्यक्ष पद के लिए कामयाबी मिलने जा रही है। अब से पहले समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का कब्जा गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत पर रहा है। गौतमबुद्ध नगर में पहली बार दलित और गुर्जर बिरादरी के अलावा किसी दूसरी जाति का अध्यक्ष आसीन होगा। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमित चौधरी जाट बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं। खास बात यह है कि गौतमबुद्ध नगर जिले में जाट मतदाताओं की संख्या बेहद कम है।

वेस्ट यूपी में जाट वोटरों को साधने की कोशिश
इस बार जाट बाहुल्यता वाले जिले बागपत में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर आरक्षण लागू हो गया है। वहां अनुसूचित जाति महिला पद के लिए सीट आरक्षित है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम उत्तर प्रदेश में जाट मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। जिसके चलते गौतमबुद्ध नगर में जाट बिरादरी के जिला पंचायत सदस्य अमित चौधरी को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया है। खास बात यह है कि 5 सदस्यों में से 3 जिला पंचायत सदस्य गुर्जर बिरादरी से हैं। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने यह दांव खेला है। गौतमबुद्ध नगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद सामान्य श्रेणी में रखा गया है।

दादरी क्षेत्र के निवासी और जेवर से जीता चुनाव
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमित चौधरी को लेकर कई तरह की विसंगतियां हैं। अमित चौधरी दादरी क्षेत्र के गांव चिपयाना बुजुर्ग के रहने वाले हैं। दादरी में वार्ड नंबर 1, 2 और 3 हैं। वार्ड नंबर 1 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया था। वार्ड नंबर 2 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित था। वार्ड नंबर तीन अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था। वार्ड नंबर 4 और 5 जेवर क्षेत्र में पड़ते हैं। यह दोनों निर्वाचन क्षेत्र सामान्य रखे गए थे। लिहाजा, भारत जनता पार्टी ने अमित चौधरी को जेवर क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 से उम्मीदवार बनाया। जिसके चलते भाजपा में ही उनका कड़ा विरोध हो गया था। लेकिन अंततः वह जीतने में कामयाब रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.