बोनी कपूर ने सौंपा मास्टर प्लान, जानिए देश की सभी Film City से क्या होगा अलग?

योगी आदित्यनाथ की जेवर में फिल्म सिटी : बोनी कपूर ने सौंपा मास्टर प्लान, जानिए देश की सभी Film City से क्या होगा अलग?

बोनी कपूर ने सौंपा मास्टर प्लान, जानिए देश की सभी Film City से क्या होगा अलग?

Tricity Today | बोनी कपूर और यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह

Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के जेवर में प्रस्तावित इंटरनेशनल फिल्म सिटी का मास्टर प्लान तैयार  कर लिया गया है। मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने मंगलवार को यमुना प्राधिकरण कार्यालय में मास्टर प्लान सौंपा। यमुना प्राधिकरण अब इस पर अंतिम निर्णय लेकर परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू करेगा। जनवरी 2025 में इस परियोजना का शिलान्यास प्रस्तावित है। जिसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।  

फिल्म सिटी के विकास में अहम कदम
बोनी कपूर और भूटानी इंफ्रास्ट्रक्चर की कंपनी "बेव्यू प्रोजेक्ट्स" ने यमुना विकास प्राधिकरण के साथ इस परियोजना के लिए रियायत समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। मास्टर प्लान तैयार होने के बाद अब फिल्म सिटी के पहले चरण के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। योजना के तहत यह परियोजना तीन साल में पूरी होगी।  

रामोजी फिल्म सिटी से आगे बढ़ने का दावा
बोनी कपूर ने मास्टर प्लान सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि नोएडा फिल्म सिटी को हैदराबाद स्थित "रामोजी फिल्म सिटी" से भी आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम यहां फिल्म स्टार्स के लिए हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे, खासकर खाना बनाने की। शूटिंग के दौरान अक्सर कलाकारों को अपने शेफ साथ लाने पड़ते हैं, जो काफी महंगा साबित होता है। यहां ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी जो इस परेशानी को खत्म करेंगी।” बोनी कपूर ने बताया कि फिल्म सिटी में सस्ती और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे फिल्म निर्माताओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

तीन साल में पहला चरण होगा पूरा
परियोजना के पहले चरण में 230 एकड़ भूमि पर फिल्म सिटी का निर्माण होगा। इस चरण को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है। बोनी कपूर ने बताया कि काम जनवरी 2025 से शुरू होगा। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारी अगली फिल्म की शूटिंग यहीं हो। अगले साल मार्च में हमारी छह से सात फिल्मों की शुरुआत होगी, जिनमें से एक की शूटिंग यहीं कराएंगे।”  

योगी आदित्यनाथ शिलान्यास समारोह में होंगे शामिल
फिल्म सिटी के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है। शिलान्यास की तिथि इसी सप्ताह तय होने की उम्मीद है। नोएडा फिल्म सिटी के निर्माण के बाद उत्तर प्रदेश में फिल्मों, धारावाहिकों और वेब सीरीज की शूटिंग को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को फायदा होगा। बल्कि स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

Copyright © 2024 - 2025 Tricity. All Rights Reserved.