हाईटेक जिले के स्वास्थ्य केंद्र भगवान भरोसे, गर्भवती महिलाओं की हालत बिगड़ी, लेकिन अफसरों को परवाह नहीं

गौतमबुद्ध नगर : हाईटेक जिले के स्वास्थ्य केंद्र भगवान भरोसे, गर्भवती महिलाओं की हालत बिगड़ी, लेकिन अफसरों को परवाह नहीं

हाईटेक जिले के स्वास्थ्य केंद्र भगवान भरोसे, गर्भवती महिलाओं की हालत बिगड़ी, लेकिन अफसरों को परवाह नहीं

Google Image | Symbolic Photo

Greater Noida : दनकौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 2 गर्भवती महिलाएं करीब तीन घंटे तक बिजली आने का इंतजार करती रहीं। जब महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी तो आशा कार्यकत्री ने इसकी जानकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को दी। जिनके द्वारा दोनों महिलाओं को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल के लिए रेफर कर एंबुलेंस से भिजवा दिया गया। बिजली आपूर्ति की वजह से काफी दिक्कतें हो रही है। 

दोनों महिलाओं का होना था प्रसव
मिर्जापुर गांव निवासी आशा कार्यकत्री कुंती देवी रविवार की शाम 2 गर्भवती महिलाओं पूनम निवासी मिर्जापुर और आरती निवासी निलौनी को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। दोनों महिलाओं का प्रसव होना था, लेकिन विद्युत आपूर्ति नहीं होने के चलते प्रसव नहीं हो सका। करीब तीन घंटे तक बिजली आने की प्रतीक्षा की गई। 

बिजली के इंतजार में बिगड़ने लगी हालत 
इसी दौरान गर्भवती महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में दोनों महिलाओं को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल के लिए रेफर किया गया। आशा कार्यकत्री ने बताया कि वह पहले भी गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी के लिए लेकर आई हैं, लेकिन बिजली नहीं होने के चलते वापस जाना पड़ता है। 

सोलर पैनल भी हो चुका है निष्क्रिय 
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ.नारायण किशोर ने बताया कि कस्बे में विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही थी, जिसके चलते विद्युत निगम में तैनात संबंधित जेई से फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि वैकल्पिक सुविधा के लिए करीब आठ वर्ष पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोलर पैनल लगाया गया था, लेकिन वह भी अब निष्क्रिय हो गया है। करीब एक वर्ष से इनवर्टर भी बेकार है। 

4 दिन पहले कराया गया था उच्च अधिकारियों को अवगत 
इसके अलावा वैकल्पिक सुविधा के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर की व्यवस्था भी है, लेकिन करीब एक वर्ष से विभाग द्वारा डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जिसके चलते जनरेटर भी निष्क्रिय है। उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर करीब चार दिन पहले विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक विकल्प की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.