जेवर सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, पंखुड़ी पाठक ने परिजनों को दिलाया भरोसा

बड़ी खबर : जेवर सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, पंखुड़ी पाठक ने परिजनों को दिलाया भरोसा

जेवर सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, पंखुड़ी पाठक ने परिजनों को दिलाया भरोसा

Tricity Today | पंखुड़ी पाठक परिजनों से मिलते हुए

Greater Noida News : यूपी कांग्रेस सोशल मीडिया की उपाध्यक्ष और नोएडा में पार्टी का प्रमुख चेहरा पंखुड़ी पाठक ने सोमवार को जेवर में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। उनके साथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी, प्रदेश सचिव अजीत दौला, सेवादल यूपी के महानगर अध्यक्ष अनुपम ओबेरॉय, पार्टी के जिला प्रवक्ता पवन शर्मा, सोशल मीडिया के प्रदेश सचिव रवि माथुर और दलित कांग्रेस प्रदेश सचिव ऋषि गौतम आदि मौजूद रहे। पंखुड़ी पाठक ने पीड़िता के परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में कांग्रेस परिवार के साथ है।

बताते चलें कि जेवर क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दलित महिला के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला किसी तरह घर पहुंची और आपबीती सुनाई। उसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। बाद में हालत गंभीर होने पर महिला को नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना पर विपक्षी दल सरकार को घेरने में जुटे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और अखिलेश यादव समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया है।

कांग्रेस की यूपी प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर पंखुड़ी पाठक की अगुवाई में एक दल पीड़िता के परिवार से मिलने जेवर क्षेत्र पहुंचा था। इस दौरान पंखुड़ी पाठक ने परिजनों को संबल दिया। उन्होंने कहा कि परिवार तथा गांव के लोग न्याय की गुहार कर रहे हैं। 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। हमने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि उनकी लड़ाई में कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी उनके साथ हैं।

इससे पहले आज दोपहर में जब पंखुड़ी पाठक जेवर जा रही थीं,  तब रास्ते से ही उन्होंने एक वीडियो के माध्यम से जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि अस्पताल में पुलिस का सख्त पहरा है। पत्रकारों और अन्य लोगों को पीड़िता से मिलने की इजाजत नहीं दी जा रही। गांव को भी छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सरकार हाथरस कांड की तरह हर मामले को दबाने में जुटी है। लेकिन कांग्रेस शोषित वर्ग की इस लड़ाई में हमेशा उनकी आवाज बन कर खड़ी रहेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.