ग्रेटर नोएडा की युवती बनी दुल्हन और दिल्ली की दूल्हा, दो बहनों ने रचाई शादी

एक विवाह ऐसा भी : ग्रेटर नोएडा की युवती बनी दुल्हन और दिल्ली की दूल्हा, दो बहनों ने रचाई शादी

ग्रेटर नोएडा की युवती बनी दुल्हन और दिल्ली की दूल्हा, दो बहनों ने रचाई शादी

Tricity Today | दोनों बहने

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा की एक लड़की दुल्हन बन गई और उसने दूल्हे के रूप में दिल्ली की लड़की को चुना। दोनों लड़कियां पिछले करीब एक महीने से गायब थीं। अभी पुलिस ने दोनों लड़कियों को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया है। दोनों लड़कियां दिल्ली में समलैंगिक संबंध में रह रही थीं और दिल्ली के एक मंदिर में शादी कर ली। दोनों मामा-बुआ की लड़कियां हैं। इस मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों लड़कियां बालिग हैं और उनको अपना जीवन-साथी चुनने का पूरा हक है। पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है।

20 अप्रैल को घर से गायब हुई थी ग्रेटर नोएडा की युवती
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा के दनकौर में स्थित बागरपुर में रहने वाली एक युवती 20 अप्रैल को अपने घर से लापता हो गई थी। युवती के परिजनों ने अपनी बेटी की काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी दनकौर पुलिस को दी। 

उसकी दिन ममेरी बहन भी हुई थी गायब
जिस दिन दनकौर से लड़की गायब हुई थी। उसी दिन दिल्ली के अंबेडकर नगर से एक और लड़की गायब हो गई थी। बड़ी बात यह है कि ग्रेटर नोएडा में रहने वाली लड़की और दिल्ली में रहने वाली लड़की ममेरी बहन हैं। इस मामले में दिल्ली में रहने वाली लड़की के परिजनों ने भी अंबेडकर नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

समलैंगिक संबंध के चलते दोनों बहनों ने की शादी
इन दोनों मामलों में दिल्ली और ग्रेटर नोएडा पुलिस जांच कर रही थी। जांच के दौरान दोनों पुलिस ने हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों ने पहले दिल्ली के एक मंदिर में जाकर शादी की। जिसमें ग्रेटर नोएडा में रहने वाली लड़की दुल्हन और दिल्ली में रहने वाली लड़की दूल्हा बनी। दिल्ली के मंदिर में शादी करने के बाद दोनों दिल्ली में ही एक किराए के मकान में रहने लगीं। पुलिस ने दोनों युवतियों को रविवार की देर रात बरामद किया है। जिसके बाद पुलिस उनको ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाने में लेकर आई। पुलिस ने बताया कि दोनों बहनें समलैंगिक संबंध में रह रही हैं।

दोनों लड़कियां अपनी मां से बोली- हमने शादी की और साथ जियेंगे
दोनों युवतियों ने दनकौर पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। दोनों युवतियां एक-दूसरे से बेहद प्यार करती हैं। इसलिए दोनों ने एक दूसरे से शादी कर ली है और अब एक-दूसरे के साथ रहना चाहती हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के परिजनों ने दोनों लड़कियों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन दोनों लड़कियां अपनी बात पर अडिग हैं। दोनों लड़कियों ने अपने परिजनों को कहा कि वह दोनों बालिग हैं और अपना जीवन-साथी चुनने का हक रखती हैं। 

पुलिस ने की लड़कियों की मदद
इस मामले में लड़कियों ने पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने बताया कि उन्होंने दोनों लड़कियों को एक सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया है। पुलिस ने दोनों समलैंगिक युवतियों का समर्थन किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों को सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया है और यह पूरी तरीके से वैध है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.