दादरी विधायक लखनऊ से वापस लौटे, गांवों में ताबड़तोड़ दौरे कर हालात सुधारने की कोशिश

ग्रेटर नोएडा : दादरी विधायक लखनऊ से वापस लौटे, गांवों में ताबड़तोड़ दौरे कर हालात सुधारने की कोशिश

दादरी विधायक लखनऊ से वापस लौटे, गांवों में ताबड़तोड़ दौरे कर हालात सुधारने की कोशिश

Tricity Today | निर्वाचन क्षेत्र के गांवों का ताबड़तोड़ दौरा

  • - गांव में जाकर लोगों के साथ कर रहे हैं बैठक अपनी स्थिति साफ करने की कोशिश
  • - दादरी में सम्राट मिहिरभोज की प्रतिमा से जुड़े विवाद ने विधायक को परेशानी में डाला
  • - खासतौर से गांवों में बड़े-बुजुर्गों के साथ-साथ युवाओं को साधने की कोशिश
     
Greater Noida News : करीब एक सप्ताह लखनऊ में व्यतीत करने के बाद दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर वापस लौट आए हैं। विधायक ने वापस लौटते ही निर्वाचन क्षेत्र के गांवों का ताबड़तोड़ दौरा शुरू किया है। रोजाना कई-कई गांवों में जाकर लोगों से मिल रहे हैं। दरअसल, 22 सितंबर को दादरी के डिग्री कॉलेज में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। उस दिन विवाद पैदा हुआ और भीड़ ने विधायक के घर का घेराव किया था। हालात प्रतिकूल देखकर विधायक लखनऊ चले गए थे। विधायक एक और गांव में जाकर बड़े बुजुर्गों से घुल मिल रहे हैं तो दूसरी ओर युवकों को भी साधने की पुरजोर कोशिश है।

29 सितम्बर को घर में लोगों से जनसंवाद किया
लखनऊ से लौटकर 29 सितंबर को विधायक तेजपाल सिंह नागर ने सुबह के वक्त अपने घर में क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की। विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। विधायक ने लोगों से कहा, "भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मकसद हर वर्ग का विकास है। हमारी सरकार विकास के लिए प्रतिबंध है। समाज और प्रदेश की प्रगति ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है।"

विधायक ने इससे पहले 28 सितंबर को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना से मुलाकात की थी। उन्होंने औद्योगिक विकास मंत्री को नोएडा और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के आबादी मामलों का निस्तारण करने के लिए धन्यवाद दिया था। एसआईटी की जांच को मंजूरी देने पर विधायक ने खुशी जाहिर की थी। मंत्री से मुलाकात के वक्त क्षेत्र के कई लोगों को भी लखनऊ में विधायक ने बुलाया था।

विधायक ने 29 सितंबर को ही ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण से मुलाकात की। उन्हें आबादी निस्तारण से संबंधित शासनादेश की प्रति दी। लंबित प्रकरणों को जल्दी से जल्दी निस्तारित करने की मांग सीईओ से की। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण से निकलकर विधायक बिरोड़ा गांव में ग्रामीणों के बीच पहुंचे। वहां गांव वालों के साथ बैठकर विचार-विमर्श किया। सेक्टर गामा दो और जहांगीरपुर कस्बे में संवेदनाएं व्यक्त करने गए।

30 सितंबर को पहले पब्लिक से मिले फिर डीएम से की मुलाकात
विधायक ने 30 सितंबर को दादरी में पहले पब्लिक से मुलाकात की। इसके बाद ग्रेटर नोएडा जाकर जिलाधिकारी से उनके कार्यालय में मिले। विधायक ने एसआईटी जांच को मंजूरी देने वाले शासनादेश की कॉपी डीएम को भी उपलब्ध करवाई। आबादी निस्तारण से जुड़े मामलों को निपटाने की मांग की। इसके बाद सेक्टर गामा-2 में चल रही श्रीमद्भागवत गीता में भाग लिया। एक अक्टूबर को विधायक दादरी विधानसभा क्षेत्र के गांव गुर्जर डेरी बादोली में पहुंचे। वहां शोकसभा में सम्मिलित हुए। इसके बाद क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। विधायक मायचा गांव गए। जहां सूरजपुर मंडल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। दरअसल, मायचा गांव में कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। विधायक ने कबड्डी खिलाड़ियों से भेंट की और उनका उत्साहवर्धन किया।

गांधी जयंती के मौके पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया
विधायक ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रमों में भाग लिया। सबसे पहले दादरी नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में भाग लिया और नगरपालिका कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को माल्यार्पण किया। विकास भवन में समाज कल्याण विभाग ने कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें विधायक ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। गांधी जयंती के मौके पर विधायक ने क्षेत्र के साकीपुर, बिरौंडी, घोड़ी बछेड़ा, श्योराजपुर, भनोता और मिलक लच्छी गांव का दौरा किया। इन गांवों में कई परिचितों कि पिछले दिनों मृत्यु हुई है। विधायक ने परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

विधायक तेजपाल नागर ने 3 अक्टूबर को छिडोली गांव का दौरा किया। कई ग्रामीणों के यहां जाकर चर्चा मंत्रणा की। मंगलवार को भी विधायक का जनता दर्शन और गांवों का दौरा बदस्तूर जारी रहा। दनकौर के नवादा गांव में स्वर्गीय चौधरी रघुवर सिंह की बरसी में भाग लिया। वहां से लौटकर ग्रेटर नोएडा के तुसियाना गांव में लोगों के बीच बैठक की।

दादरी प्रकरण पर पैदा हुई स्थिति साफ करने का प्रयास
विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर के साथ दोनों में शामिल भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने कहा, "दादरी प्रकरण में खासे विरोध का सामना करना पड़ा है। उनके राजनीतिक विरोधियों और विपक्षी दलों ने तमाम तरह की सूचनाएं उन्हें लेकर प्रसारित की हैं। अब माहौल सामान्य हो गया है। लोगों को सारी सूचनाएं मिल चुकी हैं। ऐसे में विधायक अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए एक-एक करके गांव में पहुंच रहे हैं। विधायक जहां कहीं भी पब्लिक के बीच जाते हैं, दादरी विवाद पर लोग पूरी जानकारी लेने की कोशिश जरूर करते हैं। विधायक भी आम आदमी के सामने तस्वीर को साफ करने का प्रयास कर रहे हैं।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.