दादरी विधायक पर भी गंभीर आरोप, यह है मामला

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के खिलाफ खड़े हुए किसान : दादरी विधायक पर भी गंभीर आरोप, यह है मामला

दादरी विधायक पर भी गंभीर आरोप, यह है मामला

Google Image | Greater Noida Authority

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी (Greater Noida Authority) खिलाफ किसान लामबंद हो रहे हैं। दादरी के विधायक तेजपाल नागर पर भी किसानों ने हमला बोला है। दरअसल, अथॉरिटी की 128वीं बोर्ड बैठक में किसानों पर 'भवन निर्माण विलंब शुल्क' लगाने का फैसला लिया है। यह मामला किसानों ने मंगलवार को अथॉरिटी में हुई जन सुनवाई के दौरान जोर-शोर से उठाया। किसानों ने आंदोलन का ऐलान किया है। किसानों का बड़ा जत्था लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा।

क्या है मामला
किसानों की ओर से 'ग्रेटर नोएडा किसान विकास समिति' ने जन सुनवाई के दौरान सीईओ रितु महेश्वरी को पत्र सौंपा है। ग्रेटर नोएडा किसान विकास समिति के सचिव सुरेंद्र सिंह भाटी ने पत्र में किसानों पर लगने वाली पेनल्टी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। किसान विकास समिति ने अपने पत्र में दादरी विधायक तेजपाल नागर पर आरोप लगाए हैं। किसानों ने बताया कि उन्होंने विधायक से इस मामले में बात की। उन्होंने गलती मानते हुए कहा कि 27 दिसंबर को बोर्ड बैठक से एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था।

अब लखनऊ जाएंगे किसान
समिति के सचिव सुरेंद्र सिंह भाटी का कहना है कि इसका खमियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा। विधायक की ओर से किसानों पर शुल्क लगाने का पत्र भेजना गलत है। इसका असर हजारों किसानों पर पड़ेगा। वर्ष 1996 में किसानों के उग्र आंदोलन के उपरांत किसान और प्राधिकरण के बीच मूल भावना को रखते हुए आबादी विस्तार पर समझौता हुआ था। अब नोएडा अथॉरिटी की शर्तों को ग्रेटर नोएडा के किसानों पर थोपना गलत है। उन्होंने बताया कि जल्दी ही इस मामले को लेकर 1,100 किसानों का प्रतिनिधिमंडल सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने जाएगा। किसान लखनऊ कूच करेंगे। प्राधिकरण के इस फैसले के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

विधायक ने बिना जानकारी सीएम को लिखा पत्र
सुरेंद्र सिंह ने बताया, "दादी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा। उन्होंने अपने पत्र में मांग की कि ग्रेटर नोएडा में किसानों के आबादी भूखंडों पर नोएडा की ही तरह व्यवस्था लागू की जाए। मुख्यमंत्री ने यह व्यवस्था लागू करने का निर्देश विकास प्राधिकरण को दे दिया। नोएडा शहर में आबादी भूखंडों का नियत समय में उपयोग और निर्माण नहीं करने वाले किसानों पर पेनल्टी का प्रावधान है। नोएडा अथॉरिटी की इस पॉलिसी को ग्रेटर नोएडा में भी लागू कर दिया गया। दादरी के विधायक तेजपाल नागर को यह बात मालूम नहीं थी कि नोएडा में पेनल्टी का प्रावधान है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिख दिया। जिससे ग्रेटर नोएडा के हजारों किसानों को बड़ा नुकसान हो गया है।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.