घायल हुए 16 किसान, 13 हुए गिरफ्तार, पुलिस ने गांवों में खूब दौड़ाया, VIDEO

दादरी एनटीपीसी किसान आंदोलन : घायल हुए 16 किसान, 13 हुए गिरफ्तार, पुलिस ने गांवों में खूब दौड़ाया, VIDEO

घायल हुए 16 किसान, 13 हुए गिरफ्तार, पुलिस ने गांवों में खूब दौड़ाया, VIDEO

Tricity Today | घायल किसान

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में दादरी एनटीपीसी (Dadri NTPC Power Plant) की टाउनशिप पर 2 दिनों से चल रहा किसानों का प्रदर्शन मंगलवार की शाम तीखा हो गया। पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई। जिसमें 16 किसान घायल हुए हैं। साथी किसानों ने घायलों को दादरी और आसपास के अस्पतालों में भर्ती करवाया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर पानी की बौछारें छोड़ी और लाठियां भी भांजी हैं। किसानों को गांवों में खूब दौड़ाया है। इस दौरान गांवों में लोगों ने अपने घरों की छतों से वीडियो बनाए हैं। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वहीं, सैकड़ों की संख्या में किसान इस वक्त अपनी मांगों को लेकर दादरी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर के घर के बाहर धरना दे रहे हैं।

लाठीचार्ज में घायल हुए किसान
1. विनय बैसला, नोरौली
2. मोहित, जैतवारपुर
3. अर्जुन यादव
4. विक्रम, सीदीपुर
5. रणवीर सिंह, खगौड़ा
6. हिमांशु
7. आकाश
8. प्रशांत
9. सुरेंद्र सिंह
10. सुखपाल
11. दुष्यंत
12. मनविंदर मावी
13. पंकज खारी
14. अनिल
15. सुमित तोमर
16. जितेंद्र राणा

सुखबीर खलीफा समेत 13 किसान गिरफ्तार किए गए
दादरी एनटीपीसी थर्मल पावर प्लांट के बाहर प्रदर्शन कर रहे भारतीय किसान परिषद के नेता सुखबीर खलीफा समेत 13 प्रदर्शनकारियों को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी को निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने, भीड़ को भड़काने और अशांति पैदा करने के आरोपों में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर गिरफ्तार किसान नेताओं को रिहा करने की मांग को लेकर भीड़ दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल नागर के घर पहुंच गई है। महिलाएं और किसान विधायक के घर के बाहर धरना दे रहे हैं।

35 वर्ष पूर्व इन 23 गांवों में भूमि अधिग्रहण हुआ
1. श्यौराजपुर
2. कैलाशपुर
3. बढ़पुरा
4. रूपवास
5. सलारपुर
6. रसूलपुर
7. पटाड़ी
8. ऊंचा अमीरपुर
9. ततारपुर
10. धूम मानिकपुर
11. बिसाहड़ा
12. नरौली
13. सीदीपुर
14. छिडौली
15. दादूपुर
16. आकलपुर
17. बम्बावड़
18. चौता नंगला
19. जैतपुर
20. प्यावली
21. जारचा

किसानों यह मांगें आज तक पूरी नहीं हुईं
ग्रेटर नोएडा में दादरी के पास नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन का विद्युत उत्पादन केंद्र है। यह संयंत्र लगाने के लिए सरकार ने करीब 35 वर्ष पूर्व इलाके के 23 गांवों में भूमि अधिग्रहण किया था। किसानों का कहना है कि उस वक्त भूमि अधिग्रहण की एवज में मिलने वाला मुआवजा समान नहीं था। मतलब, किसी गांव में कम और किसी गांव में ज्यादा मुआवजा भुगतान किया गया। तभी से किसान समान मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा एनटीपीसी में नौकरियां और इन गांवों के विकास की मांग भी किसान करते रहे हैं। अब इन्हीं मांगों को पूरा करवाने के लिए 2 दिनों से किसानों की भीड़ एनटीपीसी थर्मल पावर प्लांट के बाहर प्रदर्शन कर रही है। मंगलवार की शाम किसानों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। जिसमें पानी की बौछार की गई और फिर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। इस लाठीचार्ज में कई किसानों के घायल होने की सूचना मिली है। पुलिस और किसानों के बीच हुई तीखी नोकझोंक के दौरान 13 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें भारतीय किसान परिषद के नेता सुखबीर खलीफा भी शामिल हैं। सुखबीर खलीफा मूल रूप से नोएडा में सरफाबाद गांव के रहने वाले हैं। इससे पहले भी सुखबीर के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ लंबा किसान आंदोलन किया गया था।

दादरी विधायक के घर के बाहर किसानों का धरना शुरू
दूसरी और प्रदर्शनकारी किसानों की भीड़ ने एनटीपीसी पावर प्लांट से दादरी कस्बे का रुख किया है। महिलाओं, युवकों और बुजुर्ग किसानों की भीड़ दादरी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मास्टर तेजपाल नागर के घर पहुंची है। फिलहाल सैकड़ों लोगों की भीड़ विधायक के घर के बाहर रास्ता रोक कर बैठी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक विधायक घर में मौजूद नहीं हैं। किसानों की मांग है कि गिरफ्तार किए गए उनके साथियों को तत्काल रिहा करवाया जाए। एनटीपीसी से प्रभावित 23 गांवों की समस्याओं का समाधान करवाया जाए। किसानों का कहना है कि पिछले दो चुनावों में विधायक मास्टर तेजपाल नागर हमारी समस्याओं का समाधान करवाने के नाम पर वोट मांग रहे हैं। पिछले साढे 5 वर्षों से विधायक हैं, लेकिन उन्होंने हमारी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए कोई कार्यवाही नहीं की है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.