न्याय के मंदिर में करोड़पतियों के बीच जंग, मुकाबला बेहद दिलचस्प

जिला बार एसोसिएशन चुनाव 2023 : न्याय के मंदिर में करोड़पतियों के बीच जंग, मुकाबला बेहद दिलचस्प

न्याय के मंदिर में करोड़पतियों के बीच जंग, मुकाबला बेहद दिलचस्प

Tricity Today | जिला बार एसोसिएशन चुनाव 2023

Greater Noida News : जिला न्यायालय में इन दिनों बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो चली हैं। बार चुनाव में प्रत्याशियों के बीचे मुकाबला बेहद दिलचस्प है। बार एसोसिएशन का कार्यकाल कहने को तो मात्र एक वर्ष का ही होता है, किन्तु इसके चुनाव के लिए प्रत्याशियों द्वारा पैसा पानी की तरह नहीं, बल्कि यूं कहें की धन कुबेर सीधे अपने खजाने का मुंह खोल देते हैं। इसका उद्देश्य होता है बस एक 'कुर्सी'।

एक वर्ष के लिए एक पद और करोड़ों खर्च
काले कोट वालों के नेता के इस चुनाव में ज्ञान, न्याय और धन की देवी की अपनी महत्ता है। चुनावों के दौरान देवी लक्ष्मी और धन संपदा के देवता मानो इन दिनों साक्षात जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में उतर आए हैं। बताया जाता है कि यह चुनाव एक कैंपस के लोगों का प्रतिनिधित्व करता, किन्तु इसके पदाधिकारियों के चुनाव पर आने वाला खर्च करोड़ों में बैठता है। अध्यक्ष पद का एक प्रत्याशी लगभग 60 से 80 लाख और सचिव पद का एक प्रत्याशी लगभग 30 से 40 लाख तक खर्च कर देता है।

गली-गली, चेंबर-चेंबर पहुंच रहा 'प्रसाद'
एक से लेकर 23 नंबर गली तक प्रत्येक चेंबर के मतदाता वकील को अपने पक्ष में करने के लिए प्रसाद रूपी फूड पैकेट से लेकर गिफ्ट तक बांटे जा रहे हैं। बताया जाता है कि यह सिलसिला एक दो दिन नहीं, बल्कि चुनाव की सुगबुगाहट के साथ ही शुरू हो चुका है। होटल्स, बैंक्वट हाल और फार्म हाउस में हर शाम शामियाने सज जाते हैं, जहां पार्टियों में 'खाने पीने' का बेहतरीन इंतजाम होता है। इसमें एक से एक लजीज व्यंजन परोसे जाते हैं। 

इन पदों पर होगा चुनाव
काले कोट वाले मतलब वकील अपने प्रतिनिधि कार्यकारिणी के रूप में आठ पदों के लिए मतदान के जरिए चुनाव करेंगे। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, सांस्कृतिक सचिव, सहसचिव प्रशासनिक, सहसचिव पुस्तकालय और कोषाध्यक्ष के साथ आठ पदों के लिए मतदान होगा। इनमें अध्यक्ष और सचिव ही बार एसोसिएशन के सबसे महत्वपूर्ण पद हैं, जिनके लिए काले कोटे वाले और उनके समर्थक अपना पूरा जोर लगा देते हैं। 

ये हैं उम्मीदवार
  1. अध्यक्ष पद : प्रमेन्द्र भाटी बिसरख, मनोज भाटी बोड़ाकी, उमेश भाटी देवटा और अलबेल सिंह भाटी। प्रमेंद्र भाटी और मनोज भाटी दूसरी बार अध्यक्ष पद की रेस में हैं। दोनों क्रमश: 2015-16 और 2020-21 में एक-एक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। जबकि उमेश भाटी 2022 के चुनाव में हार का स्वाद चख चुके हैं। उन्हें वर्तमान अध्यक्ष कालूराम ने हराया था और वे दूसरे नंबर पर रहे थे।
  2. वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद : नरेंद्र कुमार, मुकेश कुमार सैन, दीपक शर्मा
  3. कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद : सीमा चौहान, मुस्कान उर्फ महेंद्री
  4. सचिव पद : रजत शर्मा चौड़ा, अजीत नागर, धीरेंद्र भाटी साकीपुर और उदाम सिंह खेड़ी। सचिव पद के प्रत्याशी रजत शर्मा और अजीत नागर दोनों एक बार फिर चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। अपने पिछले चुनाव में दोनों को हार का मुंख देखना पड़ा था। रजत शर्मा पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें वर्तमान सचिव नीरज तंवर ने शिकस्त दी थी।
  5. सांस्कृतिक सचिव पद : चंद्रकला उर्फ कशिश
  6. सहसचिव प्रशासनिक पद : नवीन कुमार, रोहित करन, प्रवीण कुमार राठौर
  7. सहसचिव पुस्तकालय पद : अब तक कोई नहीं
  8. कोषाध्यक्ष पद : अंकित भाटी, नरेंद्र भाटी, ज्योति भड़ाना और मोहन सिंह मावी

जिले की बेटी मायावती भी हैं वोटर
आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री और जनपद गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर गांव की बेटी मायावती भी जिला बार एसोसिएशन की सदस्य हैं। हालांकि उन्होंने एक बार भी अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया है। पिछले वर्ष हुए चुनाव के लिए जारी फाइनल वोटर लिस्ट में मायावती के अलावा 1871 मतदाता वकील हैं। बार एसोसिएशन चुनाव के लिए फाइनल लिस्ट और पूरा कार्यक्रम जल्द जारी होने की उम्मीद है। चुनाव के लिए मतदान 21 दिसंबर को होंगे और देर रात तक परिणाम जारी हो जाएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.