डॉक्टर महेश शर्मा की हैट्रिक तय, काउंटिंग से होना है बस इन दो बातों का फैसला

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा चुनाव परिणाम : डॉक्टर महेश शर्मा की हैट्रिक तय, काउंटिंग से होना है बस इन दो बातों का फैसला

डॉक्टर महेश शर्मा की हैट्रिक तय, काउंटिंग से होना है बस इन दो बातों का फैसला

Google Photo | Dr Mahesh Sharma

Noida News : इस बार लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण के तहत गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट का मतदान कराया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने मौजूदा सांसद डॉक्टर महेश शर्मा को चौथी बार मैदान में उतारा है। इससे पहले डॉक्टर महेश शर्मा वर्ष 2009, 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इनमें से वर्ष 2009 का चुनाव डॉक्टर महेश शर्मा हार गए थे। इसके बाद उन्होंने 2014 और 2019 में कामयाबी हासिल की। कुल मिलाकर डॉक्टर महेश शर्मा हैट्रिक पर हैं।

ट्राईसिटी टुडे ने मतदान के बाद पूरे लोकसभा क्षेत्र में एक व्यापक सर्वे किया है। जिसके आधार पर यह तय है कि डॉक्टर महेश शर्मा तीसरी बार चुनाव जीतने जा रहे हैं। मतगणना शुरू हो चुकी है। काउंटिंग से केवल यह निर्धारित होगा कि उनकी जीत का अंतर कितना होगा। साल 2009 के चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सुरेंद्र सिंह नागर ने डॉक्टर महेश शर्मा को पराजित किया था। हालांकि, सुरेंद्र नागर अब भारतीय जनता पार्टी में ही हैं। वह भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और राज्यसभा सांसद हैं। अगर साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव की बात करें तो डॉक्टर महेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नरेंद्र भाटी को पराजित किया था। ख़ास बात यह है कि नरेंद्र भाटी भी फ़िलहाल भारतीय जनता पार्टी में हैं और विधान परिषद के सदस्य हैं।

पिछले यानी 2019 के लोकसभा चुनाव में मुक़ाबला एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच हुआ था। डॉक्टर महेश शर्मा ने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सतवीर नागर को बड़े अंतर से चुनाव हराया था। इस बार गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर मुक़ाबला दिलचस्प है। मतगणना से यह तथ्य सामने आएगा कि दूसरे स्थान पर सपा और बसपा में से किसका उम्मीदवार रहेगा। समाजवादी पार्टी ने डॉक्टर महेंद्र सिंह नागर और बसपा ने राजेंद्र सोलंकी को चुनाव मैदान में उतारा है। राजेंद्र सोलंकी पहले कांग्रेस में थे। वह सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। डॉक्टर महेंद्र सिंह नागर भी लंबे अरसे तक कांग्रेस में रहे थे। वह दो बार गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।

कुल मिलाकर साफ है कि मतगणना से केवल दो तथ्यों का फ़ैसला होना है। पहला, डॉक्टर महेश शर्मा की जीत का अंतर कितना रहेगा? दूसरा, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवारों में से पूर्ण दूसरे नंबर पर रहता है? दोपहर 1 बजे तक इन दोनों सवालों के जवाब मिल जाएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.